मासिक धर्म स्वास्थ्य पर चार दिवसीय कार्यशाला शुरू |
गौतमबुद्धनगर। जिले में Menstrual Health Management (MHM) यानी मासिक धर्म स्वास्थ्य एवं प्रबंधन को लेकर चार दिवसीय ऑनलाइन कार्यशाला और उन्मुखीकरण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। पहले दिन बिसरख ब्लॉक के निजी विद्यालयों से 350 प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया।
कार्यशाला का आयोजन उत्तर प्रदेश शासन के बेसिक शिक्षा विभाग और महानिदेशक स्कूल शिक्षा, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर किया जा रहा है। यह कार्यक्रम डॉ. जया ठाकुर बनाम भारत सरकार एवं अन्य, रिट पिटीशन (सिविल) संख्या 1000/2022 में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में आयोजित किया गया है।
कार्यशाला का आयोजन जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी गौतमबुद्धनगर राहुल पंवार के मुख्य समन्वय और मार्गदर्शन में किया जा रहा है।
शिक्षकों को दी जा रही MHM की जानकारी
कार्यशाला के पहले दिन मास्टर ट्रेनर एवं जिला समन्वयक विनय प्रकाश सिंह और जिला नोडल बालिका शिक्षा अर्चना पाण्डेय ने कार्यक्रम का संचालन किया।
इस दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता प्रबंधन, छात्राओं में जागरूकता बढ़ाने और स्कूलों में जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुसार विद्यालयों को MHM को लेकर किस तरह की तैयारियां करनी हैं, इसकी भी जानकारी दी जा रही है।
दनकौर, दादरी और जेवर के शिक्षकों की भी होगी कार्यशाला
चार दिवसीय कार्यक्रम के आगामी दिनों में दनकौर, दादरी और जेवर ब्लॉक के कम्पोजिट, प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाओं के लिए भी ऑनलाइन कार्यशाला आयोजित की जाएगी।
जिले में कक्षा 6 से 12 तक के सभी परिषदीय, राजकीय, अशासकीय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (KGBV) और मान्यता प्राप्त विद्यालयों में MHM से संबंधित व्यवस्थाओं और बिंदुओं का निरीक्षण भी किया जाना है।
कार्यशाला का उद्देश्य स्कूलों में मासिक धर्म स्वास्थ्य और स्वच्छता को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ छात्राओं के लिए जरूरी व्यवस्थाओं को बेहतर तरीके से लागू करना है।