दादरी BJP रैली में उमड़ी भीड़ |
गौतमबुद्ध नगर के दादरी में सोमवार को भाजपा की 'आत्मनिर्भर भारत संकल्प सभा' में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी शामिल हुए। रैली में करीब 20 हजार लोगों की मौजूदगी का अनुमान लगाया गया।
अपने संबोधन में पंकज चौधरी ने खासतौर पर 18 से 20 वर्ष के नए मतदाताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने 2017 से पहले का समय नहीं देखा है, वे घर जाकर अपने माता-पिता से पूछें कि उस समय प्रदेश की क्या स्थिति थी। उन्होंने कहा कि पहले रंगदारी का माहौल था, जबकि अब ईमानदारी और विकास की सरकार है।
उन्होंने दावा किया कि पहले नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अपराधियों का बोलबाला था, लेकिन अब यहां देश और विदेश की बड़ी औद्योगिक कंपनियां निवेश कर रही हैं, जिससे युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं।
पंकज चौधरी ने केंद्र सरकार की योजनाओं का भी जिक्र करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने आर्थिक सशक्तिकरण के लिए 58 करोड़ से अधिक जनधन खाते खुलवाए हैं, जिनमें आधे से अधिक खाते महिलाओं के हैं। उन्होंने कहा कि आज देश का आम नागरिक केवल सरकारी योजनाओं का लाभार्थी नहीं, बल्कि विकास यात्रा का भागीदार भी है।
सभा को सांसद डॉ. महेश शर्मा, क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र सिंह भाटी, पंकज सिंह और जिला पंचायत अध्यक्ष अमित चौधरी समेत कई नेताओं ने भी संबोधित किया।
आरवी नॉर्थलैंड कॉलेज के मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन दादरी ब्लॉक प्रमुख बिजेंद्र सिंह भाटी ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर का नागरिक अभिनंदन भी किया गया। रैली में गौतमबुद्ध नगर के अलावा आसपास के जिलों और अन्य राज्यों से भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।