मिशन शक्ति 6-0 गौतमबुद्धनगर पुलिस |
गौतमबुद्धनगर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए गौतमबुद्धनगर पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के जरिए स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्र-छात्राओं को जरूरी जानकारी दी जा रही है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में और पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा सुनिति तथा अपर पुलिस उपायुक्त महिला सुरक्षा मनीषा सिंह की निगरानी में यह अभियान चलाया जा रहा है।
कार्यक्रमों के दौरान लोगों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, कानूनी अधिकारों और अपराधों से बचाव के तरीकों के बारे में बताया जा रहा है। इसके साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना और वन स्टॉप सेंटर योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि जरूरतमंद लोग इनका लाभ उठा सकें।
पुलिस टीम लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, सोशल मीडिया का सुरक्षित इस्तेमाल करने और डिजिटल सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की सलाह भी दे रही है। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में पुलिस से मदद लेने के तरीकों के बारे में बताया जा रहा है।
महिलाओं और बच्चों की मदद के लिए हेल्पलाइन नंबर
जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस ने विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी:
- 1090: महिला हेल्पलाइन
- 1076: मुख्यमंत्री हेल्पलाइन
- 1930: साइबर अपराध हेल्पलाइन
- 112: आपातकालीन पुलिस सहायता
- 1098: चाइल्ड हेल्पलाइन
- 181: वन स्टॉप सेंटर हेल्पलाइन
इसके अलावा, प्रतिभागियों को जागरूकता से जुड़े पंपलेट भी बांटे गए और जरूरत पड़ने पर बिना डर के सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।
गौतमबुद्धनगर पुलिस के मुताबिक, मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है। इसके तहत महिला सुरक्षा, साइबर जागरूकता और आम लोगों की भागीदारी से जुड़े कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।