गाजियाबाद। मोहन नगर स्थित गरम-धरम होटल में खाने में कॉकरोच मिलने की शिकायत के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। मंगलवार को होटल में परोसी गई सब्जी में कॉकरोच मिलने की शिकायत सामने आई थी। इसके बाद बुधवार शाम करीब 6 बजे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम होटल पहुंची और जांच की।
जांच के दौरान अधिकारियों को होटल की रसोई की हालत ठीक नहीं मिली। रसोई में सामान रखने वाली जगह पर गंदगी पाई गई और दीवारों पर छोटे-छोटे कीड़े रेंगते हुए दिखाई दिए। अधिकारियों के मुताबिक, होटल का फ्रिज नीचे से टूटा हुआ था और उसी हिस्से से कीड़े आते-जाते नजर आए।
मामले की जानकारी मिलने पर एडीएम सिटी विकास कश्यप भी खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने रसोई और वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। एडीएम ने बताया कि मीडिया के जरिए खाने में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आई थी, जिसे गंभीरता से लिया गया।
रसोई की हालत सही नहीं मिलने पर होटल प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है। साथ ही रसोई का काम तुरंत बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
खाद्य विभाग की टीम ने होटल से खाने के सैंपल भी लिए हैं। इन्हें जांच के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। टीम ने रसोई के साथ खाने-पीने की चीजों की स्थिति की भी जांच की।