गाजियाबाद। जिलाधिकारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जिले में फूड सप्लिमेंट और न्यूट्रास्यूटिकल्स प्रतिष्ठानों के खिलाफ अभियान चलाया। 19 और 20 सितंबर को हुई कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 6 नमूने लिए, जबकि करीब 27.44 लाख रुपये कीमत की 3,121 किलो सामग्री जब्त की गई।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मोदीनगर स्थित मोदी स्टील कंपाउंड, जीटी रोड पर जीएस फार्मर्कयूटर के खाद्य विनिर्माण परिसर का निरीक्षण किया। यहां से फूड फॉर स्पेशल डायटरी यूज का एक और न्यूट्रास्यूटिकल्स के दो नमूने लिए गए।
जांच के दौरान मैक्सविडय न्यूट्रास्यूटिकल्स (पैकेज्ड) उत्पाद पर ‘व्होलसम डेली न्यूट्रिएंट फॉर एडल्ट’ जैसे मिसलीडिंग क्लेम पाए जाने के दृष्टिगत कार्रवाई की गई।
3,117 किलो सामग्री जब्त
टीम ने उत्पाद की 7,794 यूनिट जब्त कीं। प्रत्येक पैक 400 ग्राम का था। इस तरह जब्त सामग्री की कुल मात्रा करीब 3,117 किलो बताई गई, जिसकी कीमत 27.24 लाख रुपये है।
इसके अलावा टीम ने लोहियानगर स्थित गेट इन्हेंस्ड प्राइवेट लिमिटेड का भी निरीक्षण किया। यहां से एक नमूना लिया गया और करीब 20 हजार रुपये कीमत की सामग्री जब्त की गई।
प्रयोगशाला भेजे गए सभी नमूने
वहीं, साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया स्थित ओनीया लाइफ साइंसेज प्राइवेट लिमिटेड से मैग्नीशियम ग्लाइसीनेट के दो नमूने लिए गए।
खाद्य विभाग के अनुसार, 19 और 20 सितंबर को हुई दोनों दिनों की कार्रवाई में कुल 6 नमूने एकत्र किए गए हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
नोएडा में भी हुई कार्रवाई
गौरतलब है कि दो दिन पहले गाजियाबाद के पड़ोसी शहर नोएडा में भी खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने फास्ट फूड चेन, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ व्यापक निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई की थी।
जांच के दौरान मिली कमियों को लेकर 163 सुधार नोटिस जारी किए गए। वहीं, गंभीर अनियमितताएं मिलने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ लाइसेंस निलंबित करने के साथ खाद्य प्रतिष्ठान को बंद कराया गया।