Friday, November 13, 2026 01:29:37 PM

1.89 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को दिवाली राहत
दीपावली पर CM योगी का बड़ा तोहफा, 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को मिली 1,500 करोड़ की सब्सिडी

CM योगी ने 1.89 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को 1,500 करोड़ रुपये की गैस सब्सिडी दी। किसानों और महिलाओं के लिए नए पैकेज का ऐलान भी किया।

दीपावली पर cm योगी का बड़ा तोहफा 189 करोड़ उज्ज्वला लाभार्थियों को मिली 1500 करोड़ की सब्सिडी
1.89 करोड़ उज्ज्वला परिवारों को दिवाली राहत |

दीपावली के अवसर पर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को बड़ी राहत दी है। मंगलवार को लखनऊ स्थित लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 1.89 करोड़ से अधिक पात्र परिवारों को रसोई गैस सिलेंडर की रिफिल सब्सिडी वितरित की। इसके तहत कुल 1,500 करोड़ रुपये की सब्सिडी दी गई।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने महिलाओं की आत्मनिर्भरता, गरीबों तक सरकारी योजनाओं की पहुंच और प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो अच्छा काम भी करती है। कांग्रेस सरकार के समय का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि 2014 से पहले लोगों को गैस कनेक्शन लेने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि उस समय एक गैस कनेक्शन के लिए 25 से 50 हजार रुपये तक ब्लैक में देने पड़ते थे।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 मई 2016 को उत्तर प्रदेश के बलिया से प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि माताओं और बहनों की परेशानियों को देखते हुए इस योजना को शुरू किया गया, ताकि गरीब परिवारों को मुफ्त गैस कनेक्शन मिल सके।

उज्ज्वला योजना से महिलाओं को मिली राहत

सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना से गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन के लिए होने वाले बड़े खर्च से राहत मिली है। अब सब्सिडी की रकम सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है। उन्होंने इसे सुशासन और सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने का उदाहरण बताया।

46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए: योगी

मुख्यमंत्री ने वर्ल्ड बैंक की रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि भारत में 46 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना ही सुशासन का वास्तविक अर्थ है।

इस दौरान उन्होंने 2014 से पहले की सरकारों पर निशाना साधते हुए CWG और टूजी घोटाले का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले युवाओं के सामने बेरोजगारी, किसानों के सामने आर्थिक संकट और महिलाओं के सामने आत्मनिर्भरता की चुनौतियां थीं।

यूपी की कानून-व्यवस्था पर भी बोले CM योगी

मुख्यमंत्री ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था की तुलना 2017 से पहले के हालात से करते हुए कहा कि पहले त्योहारों के दौरान दंगे, उपद्रव और कर्फ्यू जैसी स्थितियां बन जाती थीं। बाजारों में सन्नाटा रहता था और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहते थे।

उन्होंने कहा कि आज दीपावली के दौरान बाजारों में रौनक है और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना रहे हैं। महिलाओं की सुरक्षा पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब बेटियों के साथ छेड़छाड़ करने वालों को पता है कि उन्हें इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा।

3 करोड़ किसान परिवारों के लिए नए पैकेज की तैयारी

मुख्यमंत्री ने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि असमय चक्रवात, अत्यधिक बारिश और बारिश की कमी के कारण किसानों को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने घोषणा की कि सरकार किसानों के लिए अलग पैकेज लेकर आएगी, जिससे करीब 3 करोड़ किसान परिवारों को लाभ मिलेगा।

महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए भी आएगा पैकेज

सीएम योगी ने महिलाओं की सुरक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता को लेकर भी बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन के लिए सरकार नया पैकेज लाने जा रही है। इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले महिलाएं सूर्यास्त के बाद घर से बाहर निकलने में डरती थीं, जबकि अब प्रदेश के उद्योगों में महिलाएं नाइट शिफ्ट में भी काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाना सरकार की प्राथमिकता है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें