शामली में नलकूप चोरी से किसान परेशान |
शामली जिले में नलकूपों से सबमर्सिबल, केबल, कटिया और स्टार्टर चोरी होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। बार-बार हो रही चोरी से किसानों में काफी नाराजगी है। पुलिस की कार्रवाई से निराश किसानों का अब कानून-व्यवस्था से भरोसा कमजोर होता नजर आ रहा है।
चोरी की घटनाओं से परेशान किसानों ने अब अपने नलकूपों के गेट पर चोरों से ही अपील लिखनी शुरू कर दी है। एक किसान ने लिखा, “चोर भाइयों, चोरी मत करो। नलकूप से जितने रुपये का सामान चोरी करके बेचते हो, उतने रुपये ले जाया करो।”
किसानों का कहना है कि नलकूप से सामान चोरी होने के बाद कई दिनों तक खेतों की सिंचाई प्रभावित रहती है और उन्हें हजारों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
जिले के कई गांवों में नलकूप चोर गिरोह लगातार सक्रिय बताया जा रहा है। कोतवाली क्षेत्र के लाक, लिसाढ़, बहावड़ी और कुड़ाना, बाबरी क्षेत्र के बंतीखेड़ा, आदमपुर और हाथी करौदा तथा कांधला क्षेत्र के एलम गांव में नलकूपों को निशाना बनाया गया है। चोर सबमर्सिबल, केबल, कटिया और स्टार्टर उखाड़कर ले जा रहे हैं।
अब तक जिले में 70 से अधिक नलकूप चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन अभी तक इन मामलों का राजफाश नहीं हो सका है। इसे लेकर किसानों ने भाकियू पदाधिकारियों के साथ कोतवाली पहुंचकर भी विरोध जताया था।
पुलिस की ओर से लगातार गश्त बढ़ाने और जल्द घटनाओं का खुलासा करने का आश्वासन दिया जा रहा है, लेकिन किसानों का कहना है कि जमीन पर स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया है।
कुड़ाना गांव के एक किसान ने अपने नलकूप के गेट पर लिखा कि चोर चोरी करने के बजाय उतने रुपये नकद ले जाएं, जितने में चोरी का सामान बेचते हैं। किसान ने लिखा कि चोरी से सिंचाई कई दिनों तक प्रभावित होती है और अगर रुपये चाहिए तो खेत में ही रख दिए जाएंगे।
वहीं, एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि नलकूपों में चोरी की घटनाओं को रोकने और उनका जल्द राजफाश करने के लिए एक टीम का गठन किया गया है।