सुल्तानपुर शहीद आनंद प्रकाश अंतिम विदाई |
जिले में मंगलवार को माहौल गमगीन हो गया, जब छत्तीसगढ़ के रायपुर में वीरगति को प्राप्त हुए शहीद जवान आनंद प्रकाश तिवारी का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नेवरा खादर बसंतपुर पहुंचा। तिरंगे में लिपटे वीर सपूत के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां, पिता, पत्नी समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल रहा।
शहीद के अंतिम दर्शन के लिए गांव और आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इस दौरान पूरा इलाका “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “शहीद अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। लोगों ने शहीद के अंतिम दर्शन किए और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
इसके बाद शहीद आनंद प्रकाश तिवारी की अंतिम यात्रा गांव से कुड़वार के राजघाट के लिए रवाना हुई। अंतिम यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ नजर आई। बड़ी संख्या में युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर अंतिम यात्रा में हिस्सा लिया।
राजघाट पर शहीद जवान को राष्ट्रीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर आनंद प्रकाश तिवारी को अंतिम सलामी दी। इसके बाद तिरंगा सम्मानपूर्वक उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूत को क्षेत्रवासियों ने नमन किया। लोगों ने कहा कि आनंद प्रकाश तिवारी का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
वहीं, शहीद SSB जवान आनंद प्रकाश के परिजनों ने बताया कि उन्हें इस घटना की जानकारी कल मिली थी। इसके बाद मंगलवार को उनका पार्थिव शरीर गांव लाया गया, जहां अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सेना के जवान भी मौजूद रहे।