Friday, November 13, 2026 07:18:08 PM

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे एंबुलेंस हादसा
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा, शहीद के पार्थिव शरीर को ले जा रही एंबुलेंस से 4 की मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एंबुलेंस हादसे का शिकार हो गई। हादसे में सूबेदार मेजर के बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा शहीद के पार्थिव शरीर को ले जा रही एंबुलेंस से 4 की मौत
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे एंबुलेंस हादसा |

चंडीगढ़ से सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर देवरिया जा रही एंबुलेंस रविवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसे का शिकार हो गई। हलियापुर थाना क्षेत्र में किलोमीटर 79.6 के पास एक अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी। हादसे में सूबेदार मेजर के बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 8:15 बजे एंबुलेंस नंबर T0626HR7553BJ से सूबेदार मेजर सत्यवान, निवासी गैला दुधिला, थाना रुद्रपुर, देवरिया का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव ले जाया जा रहा था।

एंबुलेंस में उनके बेटे गौरव सिंह, भाई राजन चौधरी, भतीजे राम समुझ सिंह और चालक जसपाल भी मौजूद थे।

इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 79.6 के पास एक अज्ञात वाहन ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी। हादसे में गौरव सिंह और चालक जसपाल की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, गंभीर रूप से घायल राजन चौधरी और राम समुझ सिंह को इलाज के लिए पिठला कुमारगंज स्थित अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान दोनों ने भी दम तोड़ दिया।

चार लोगों की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है।

सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर थाना परिसर में ससम्मान सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस अब टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है और मामले में जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मौके पर फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है।


 


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें