BSP में ईशान आनंद को बड़ी जिम्मेदारी |
बहुजन समाज पार्टी (BSP) की बुधवार को लखनऊ में अहम बैठक हुई। बैठक में पार्टी प्रमुख मायावती की मौजूदगी में ईशान आनंद को नेशनल कोऑर्डिनेटर बनाए जाने का ऐलान किया गया। बैठक शुरू होने से पहले ईशान आनंद ने मायावती के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
पार्टी में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रहे बदलावों के बीच ईशान आनंद की भूमिका को लेकर चर्चा चल रही थी। मायावती ने हाल ही में कहा था कि ईशान आनंद को पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी दी जाएगी। इसके बाद से माना जा रहा था कि 23 सितंबर की बैठक में उनकी नई भूमिका का ऐलान हो सकता है।
बैठक में BSP के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग राज्यों के पार्टी अध्यक्ष और संगठन से जुड़े नेता शामिल हुए। मायावती ने पार्टी संगठन को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर नेताओं के साथ चर्चा की।
बैठक के दौरान चुनावी तैयारियों, जमीनी स्तर पर संगठन की स्थिति और प्रत्याशियों के चयन को लेकर भी मंथन किया गया। मायावती ने मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए पार्टी पदाधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इसके अलावा अलग-अलग राज्यों में संगठन की गतिविधियों और अब तक किए गए काम की प्रगति रिपोर्ट भी ली गई। इन रिपोर्टों के आधार पर पार्टी आगे की रणनीति और संगठन से जुड़े निर्देश तय करेगी।
ईशान आनंद को नई जिम्मेदारी मिलने की घोषणा ऐसे समय हुई है, जब BSP के शीर्ष संगठन में हाल के हफ्तों में कई बदलाव देखने को मिले हैं। अब उनकी नई भूमिका के बाद पार्टी संगठन में उनकी जिम्मेदारियों पर भी नजर रहेगी।