कानपुर BSF परीक्षा में बवाल |
चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर बुधवार को आयोजित BSF कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल) की परीक्षा हंगामे और बवाल के बीच रद्द कर दी गई। परीक्षा केंद्र पर तकनीकी खामियों, बिना चेकिंग प्रवेश और पेपर लीक होने के गंभीर आरोप लगाए गए। इसके बाद परीक्षार्थियों ने केंद्र पर जमकर प्रदर्शन और तोड़फोड़ की।
परीक्षार्थियों के मुताबिक, पहली पाली की परीक्षा शुरू होने के बाद करीब 40 मिनट तक सिस्टम बंद रहे। सिस्टम शुरू होने के बाद भी कीबोर्ड और माउस काम नहीं कर रहे थे, जबकि सिर्फ CPU चालू था। परीक्षा हॉल में लाइट और पंखे भी नहीं चल रहे थे।
बिना चेकिंग प्रवेश का आरोप
मुंबई से परीक्षा देने पहुंची छात्रा शालिनी बागुन ने आरोप लगाया कि परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थियों को बिना किसी चेकिंग के सीधे अंदर जाने दिया गया। बारिश और उमस के बीच जब छात्रों ने बिजली और दूसरी समस्याओं की शिकायत की, तो उन्हें कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद छात्रों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने सिस्टम में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
मौके पर भारी पुलिस फोर्स तैनात
हंगामा बढ़ने के बाद एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह समेत चकेरी, कैंट, जाजमऊ, नौबस्ता और रेलबाजार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
आक्रोशित परीक्षार्थियों की मांग थी कि जब तक BSF के आधिकारिक पोर्टल पर परीक्षा की नई तारीख जारी नहीं होती, तब तक वे प्रदर्शन खत्म नहीं करेंगे।
18 सितंबर को होगी दोबारा परीक्षा
बढ़ते तनाव के बीच पुलिस कमिश्नर ने एडीजी BSF मकरंद देवेशकर से संपर्क किया। इसके बाद परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया और अब अगली परीक्षा 18 सितंबर को आयोजित की जाएगी।
मौके पर पहुंचीं ACM-2 कैंट शिखा शुक्ला ने स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि ऐसे लापरवाह परीक्षा केंद्रों को पूरी तरह ब्लैकलिस्ट किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले में जिलाधिकारी को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने की बात कही।
बताया गया है कि राजस्थान और जयपुर के परीक्षा केंद्रों पर भी इसी तरह की गड़बड़ी की खबरें सामने आई हैं।