Friday, November 13, 2026 01:31:45 PM

आजम खां और अब्दुल्ला की रिहाई का रास्ता साफ
आजम खां और अब्दुल्ला आजम की रिहाई का रास्ता साफ, जेल से बाहर आने का इंतजार कर रहे समर्थक

दो पैनकार्ड मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद आजम खां और अब्दुल्ला आजम के रिहाई परवाने जारी हो गए हैं। अब जेल प्रशासन की प्रक्रिया पूरी होने का इंतजार है।

आजम खां और अब्दुल्ला आजम की रिहाई का रास्ता साफ जेल से बाहर आने का इंतजार कर रहे समर्थक
आजम खां और अब्दुल्ला की रिहाई का रास्ता साफ |

समाजवादी पार्टी के नेता आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जेल से रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। दो पैनकार्ड मामले में हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट ने दोनों के रिहाई परवाने जारी कर दिए हैं। शनिवार देर शाम तक दोनों के जेल से बाहर आने की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं, रिहाई की खबर मिलते ही रामपुर जेल के बाहर समर्थकों और लोगों की आवाजाही बढ़ गई है।

जुर्माने की आधी रकम और जमानतियों की राशि जमा

शुक्रवार को आजम खां की ओर से 3.50 लाख रुपये और अब्दुल्ला आजम की ओर से 2.75 लाख रुपये कोर्ट की नजारत में जमा कराए गए। इसमें जुर्माने की आधी रकम और जमानतियों की राशि शामिल है।

दरअसल, इस मामले में कोर्ट ने आजम खां पर 5 लाख रुपये और अब्दुल्ला आजम पर 3.50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। इस फैसले को दोनों ने हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। गुरुवार को हाईकोर्ट ने दोनों की जमानत मंजूर करते हुए जुर्माने की आधी राशि जमा करने और 50-50 हजार रुपये के दो-दो जमानती दाखिल करने का आदेश दिया था।

इसके बाद शुक्रवार को हाईकोर्ट का आदेश एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में दाखिल किया गया। आजम खां की ओर से 2.50 लाख रुपये जुर्माने की आधी रकम और एक लाख रुपये जमानतियों के जमा किए गए। वहीं, अब्दुल्ला आजम की ओर से 1.75 लाख रुपये जुर्माने की आधी रकम और एक लाख रुपये जमानतियों के जमा कराए गए।

अन्य मामलों की जांच के बाद होगी रिहाई

कोर्ट से रिहाई परवाने जारी होने के बाद अब जेल प्रशासन की प्रक्रिया बाकी है। हालांकि, जेल प्रशासन की जांच में अगर किसी दूसरे मामले में निरुद्ध होने या कोई अन्य कानूनी अड़चन सामने आती है, तो उनकी रिहाई रुक सकती है। फिलहाल रामपुर जेल के बाहर समर्थकों की आवाजाही बढ़ी हुई है और दोनों के बाहर आने का इंतजार किया जा रहा है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें