राजकुमार लोधी ने मांगी जानकारी |
औरंगाबाद, बुलंदशहर। नगर पंचायत औरंगाबाद को लेकर पूर्व चेयरमैन और नामित सभासद राजकुमार लोधी ने मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी से कर्मचारियों, ठेकेदारों और अलग-अलग कार्यों के आवंटन से जुड़े अभिलेख और जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
राजकुमार लोधी ने अधिशासी अधिकारी को दिए मांग पत्र में वर्तमान चेयरमैन के कार्यकाल के दौरान आउटसोर्स मैनपावर ठेका व्यवस्था के तहत नगर पंचायत में काम कर रहे कर्मचारियों की सूची मांगी है। इसमें कर्मचारियों के नाम, पद और कार्य अवधि के साथ संबंधित ठेकेदार की जानकारी भी मांगी गई है।
इसके अलावा उन्होंने कर्मचारियों के खातों में जमा किए गए ईपीएफ और ईएसआईसी की राशि, कर्मचारियों को दिए गए वेतन और इससे जुड़े अन्य रिकॉर्ड की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।
पूर्व चेयरमैन की ओर से मांगी गई जानकारी सामने आने के बाद नगर पंचायत में पहले सामने आए कथित कर्मचारी घोटाले से जुड़े कई तथ्य सामने आने की संभावना जताई जा रही है।
बताया गया है कि पूर्व अधिशासी अधिकारी सेवाराम राजभर ने एक ठेकेदार को नोटिस जारी किया था। इसमें नगर पंचायत में दस कर्मचारियों की कथित फर्जी नियुक्ति पर तत्काल रोक लगाने और उन्हें दी गई लाखों रुपये की राशि नगर पंचायत में वापस जमा कराने के निर्देश दिए गए थे।
हालांकि आरोप है कि बाद में मामले से जुड़े कथित घोटाले पर मिलीभगत और संरक्षण के चलते पर्दा डाल दिया गया।
वहीं, नगर पंचायत के मौजूदा अधिशासी अधिकारी रोहित कुमार ने कहा कि पूर्व चेयरमैन ने जो जानकारी मांगी है, वह उनके कार्यकाल से पहले यानी वर्ष 2025 से संबंधित है। उन्होंने बताया कि संबंधित सूचना और अभिलेख एकत्र किए जा रहे हैं और नियमानुसार आवेदनकर्ता को उपलब्ध करा दिए जाएंगे।