11 साल के युकी ने जीता एशियन गेम्स गोल्ड |
टोक्यो। जापान के महज 11 साल के युकी कुरिहारा (Yuki Kurihara) ने एशियन गेम्स में इतिहास रच दिया है। युकी ने ई-स्पोर्ट्स के Puyo Puyo Champions में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने दक्षिण कोरिया के कांग डोंगशिन को 10-2 से हराया।
युकी को एशियन गेम्स के इतिहास का सबसे कम उम्र का गोल्ड मेडलिस्ट माना जा रहा है। हालांकि, सबसे कम उम्र के पदक विजेताओं का कोई आधिकारिक सार्वजनिक रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है। एशियन गेम्स की शुरुआत 1951 में नई दिल्ली से हुई थी।
28 साल के खिलाड़ी को भी दी मात
युकी ने फाइनल से पहले सेमीफाइनल में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने थाईलैंड के 28 वर्षीय तनारक वोंगकितिकुन को 10-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इसके बाद फाइनल में दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी को मात देकर गोल्ड मेडल जीत लिया।
खास बात यह है कि युकी भारत के युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी से भी छोटे हैं। वैभव की उम्र 15 साल है, जबकि युकी अभी केवल 11 साल के हैं।
रोज करते हैं करीब 8 घंटे ट्रेनिंग
युकी अभी एलीमेंट्री स्कूल के छात्र हैं। जापानी मीडिया के मुताबिक, वह रोज करीब 8 घंटे ई-स्पोर्ट्स की ट्रेनिंग करते हैं। इसके साथ ही वह अपनी स्कूल की पढ़ाई पर भी ध्यान देते हैं। बताया गया है कि युकी किंडरगार्टन के समय से ही इस खेल से जुड़े हुए हैं।
गोल्ड मेडल जीतने के बाद युकी ने बेहद मासूम अंदाज में अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनका गोल्ड मेडल बेहद सुंदर, चमकदार और भारी है। मेडल के साथ मिला गोल्ड रंग का प्लश टॉय भी उन्हें काफी पसंद आया।
एशियन गेम्स में युवा खिलाड़ियों का जलवा
इस बार एशियन गेम्स में कई कम उम्र के खिलाड़ी चर्चा में हैं। हॉन्ग कॉन्ग के 12 वर्षीय कमुस वोंग स्केटबोर्डिंग में हिस्सा ले रहे हैं, जबकि चीन की 13 वर्षीय यू जिदी ने स्विमिंग में तीन गोल्ड मेडल जीते हैं।
इससे पहले इंडोनेशिया की बुंगा न्यामस ने 2018 जकार्ता एशियन गेम्स में 12 साल की उम्र में महिला स्केटबोर्डिंग में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वहीं चीन की कुई चेनशी ने 13 साल की उम्र में हांगझोऊ एशियन गेम्स में महिला स्ट्रीट स्केटबोर्डिंग में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
एशियन गेम्स में ई-स्पोर्ट्स को तीन साल पहले चीन के हांगझोऊ में शामिल किया गया था। उस समय इसकी लोकप्रियता इतनी अधिक थी कि टिकटों की बिक्री लॉटरी के जरिए की गई थी।