Friday, November 13, 2026 01:56:25 PM

शिखर धवन टूर्नामेंट विवाद
शिखर धवन के नाम पर बवाल! बिना अनुमति टूर्नामेंट में शामिल करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

शिखर धवन ने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप के आयोजकों पर बिना अनुमति उनका नाम इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। धवन ने कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए टूर्नामेंट में खेलने की खबरों को गलत बताया।

शिखर धवन के नाम पर बवाल बिना अनुमति टूर्नामेंट में शामिल करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
शिखर धवन टूर्नामेंट विवाद |

पूर्व भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने वर्ल्ड टी20 कॉन्टिनेंट कप के आयोजकों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। धवन का कहना है कि टूर्नामेंट में खेलने वाले खिलाड़ियों की सूची में उनका नाम बिना जानकारी और अनुमति के शामिल किया गया। उन्होंने मीडिया और अपने प्रशंसकों से इस टूर्नामेंट में उनकी भागीदारी को लेकर आ रही अपुष्ट खबरों पर भरोसा नहीं करने की अपील की है।

बिना अनुमति नाम शामिल करने पर जताई नाराजगी

शिखर धवन ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस मामले को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आयोजकों ने उनकी अनुमति के बिना खिलाड़ियों की सूची में उनका नाम शामिल किया है। धवन ने साफ किया कि उनकी टीम इस मामले में उचित कानूनी कदम उठाएगी।

उन्होंने मीडिया और प्रशंसकों से अपील की कि वे उनकी भागीदारी को लेकर किसी भी ऐसी घोषणा का प्रचार न करें, जिसे उनकी ओर से मंजूरी नहीं मिली है। साथ ही, उन्होंने अपने समर्थकों का लगातार प्यार और साथ देने के लिए धन्यवाद भी किया।

एशिया वॉरियर्स की टीम में शामिल था नाम

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धवन को एशिया वॉरियर्स की ओर से खेलने वाला बताया गया था। इस टीम की सूची में पाकिस्तान के कई क्रिकेटरों के नाम भी शामिल थे। हालांकि, धवन ने टूर्नामेंट से किसी भी तरह का संबंध होने से इनकार किया है।

धवन के अलावा पूर्व भारतीय क्रिकेटर राहुल शर्मा, गुरकीरत सिंह मान और अभिमन्यु मिथुन के नाम भी एशिया वॉरियर्स की 24 सदस्यीय टीम में बताए गए थे। पाकिस्तान के सोहेल तनवीर, इफ्तिखार अहमद और मुहम्मद इमरान खान समेत कई खिलाड़ियों के नाम भी इस सूची में शामिल थे।

ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान पर की थी टिप्पणी

साल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था। उस दौरान शिखर धवन ने सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत के समर्थन में पोस्ट किया था।

अब टूर्नामेंट की सूची में अपना नाम सामने आने के बाद धवन ने स्पष्ट किया है कि उनकी भागीदारी की घोषणा अधिकृत नहीं थी। फिलहाल, उनकी टीम इस मामले में कानूनी कदम उठाने की तैयारी कर रही है।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें