दादा बायोपिक का फर्स्ट लुक |
पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की बायोपिक 'दादा - द सौरव गांगुली स्टोरी' का फैंस लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं। अब उनके जन्मदिन के मौके पर मेकर्स ने फिल्म का फर्स्ट लुक जारी कर दिया है। साथ ही फिल्म की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है।
फिल्म में अभिनेता राजकुमार राव सौरव गांगुली का किरदार निभाते नजर आएंगे। जारी किए गए फर्स्ट लुक पोस्टर में राजकुमार राव ने साल 2002 की नेटवेस्ट ट्रॉफी जीतने के बाद लॉर्ड्स की बालकनी में जर्सी लहराने वाले सौरव गांगुली के ऐतिहासिक पल को दोबारा जीवंत किया है।
यह पल भारतीय क्रिकेट के सबसे यादगार क्षणों में गिना जाता है। सौरव गांगुली की कप्तानी में भारतीय टीम के आत्मविश्वास, आक्रामक सोच और नए दौर की शुरुआत का यह प्रतीक माना जाता है।
मेकर्स ने फर्स्ट लुक के साथ फिल्म की रिलीज डेट का भी खुलासा किया है। 'दादा - द सौरव गांगुली स्टोरी' 14 मई 2027 को एक एक्सटेंडेड हॉलिडे वीकेंड के दौरान सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
यह फिल्म सौरव गांगुली के क्रिकेट सफर पर आधारित है। इसमें एक युवा प्रतिभाशाली खिलाड़ी से लेकर भारतीय क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली कप्तानों में शामिल होने तक की उनकी यात्रा को दिखाया जाएगा। फिल्म उनके संघर्ष, जज्बे और नेतृत्व की कहानी को बड़े पर्दे पर पेश करेगी, जिसने भारतीय क्रिकेट को नई पहचान दिलाई और कई खिलाड़ियों को प्रेरित किया।