मोदी एशियन गेम्स खिलाड़ी मुलाकात |
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को हाल ही में संपन्न हुए आइची-नागोया एशियन गेम्स में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान वह खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ से बातचीत करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, यह कार्यक्रम दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में शाम करीब 4:30 बजे होगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री खिलाड़ियों को संबोधित भी करेंगे।
85 पदक जीतकर भारत चौथे स्थान पर रहा
आइची-नागोया एशियन गेम्स में भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 85 पदक जीते और पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। भारत के खाते में 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक आए।
इसके साथ ही भारत लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में शीर्ष पांच देशों में शामिल रहा। हालांकि, पदकों की कुल संख्या के मामले में भारतीय दल का प्रदर्शन पिछले संस्करण से पीछे रहा। वर्ष 2023 में चीन के हांगझोऊ में हुए एशियाई खेलों में भारत ने रिकॉर्ड 106 पदक जीते थे।
501 खिलाड़ियों ने लिया था हिस्सा
इन खेलों में भारत की ओर से कुल 501 खिलाड़ियों का दल भेजा गया था। इनमें 310 खिलाड़ी ऐसे थे, जिन्होंने पहली बार एशियाई खेलों में हिस्सा लिया।
प्रधानमंत्री के साथ होने वाली इस मुलाकात में खिलाड़ी, उनके प्रशिक्षक और सहयोगी स्टाफ मौजूद रहेंगे। इसके अलावा भारतीय ओलंपिक संघ के पदाधिकारी, राष्ट्रीय खेल महासंघों के प्रतिनिधि और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधिकारी भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
इस दौरान प्रधानमंत्री भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करेंगे और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का प्रतिनिधित्व करने वाले खिलाड़ियों के साथ संवाद करेंगे।