प्रणेश एम ने जीता कनिजा ओपन शतरंज खिताब |
भारतीय ग्रैंडमास्टर प्रणेश एम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिष्ठित कनिजा ओपन शतरंज टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। 19 साल के प्रणेश ने टूर्नामेंट के आखिरी और नौवें दौर में जर्मनी के वादिम पेट्रोव्स्की को सफेद मोहरों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
प्रणेश ने निर्णायक मुकाबले में बेहतरीन खेल दिखाया और जीत के साथ टूर्नामेंट का शानदार अंत किया।
2673 रेटिंग वाले प्रणेश मौजूदा FIDE विश्व रैंकिंग में 44वें स्थान पर हैं। उनकी इस उपलब्धि पर हंगरी स्थित भारतीय दूतावास ने भी उन्हें बधाई दी।
भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रणेश को बधाई देते हुए कहा कि वैश्विक मंच पर भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखकर गर्व महसूस हो रहा है। दूतावास ने यह भी कहा कि हंगरी भारतीय शतरंज के लिए एक बेहतरीन मंच बना हुआ है।
प्रणेश की यह जीत अंतरराष्ट्रीय शतरंज में भारतीय युवा खिलाड़ियों के बढ़ते प्रभाव की एक और बड़ी मिसाल है।