जेवर के प्रवीण कुमार ने जीता गोल्ड |
जापान के नागोया में आयोजित पांचवें एशियाई पैरा खेलों में जेवर के गोविंदगढ़ निवासी पैराहाई जम्पर प्रवीण कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। उन्होंने ऊंची कूद स्पर्धा में 2.05 मीटर की ऊंचाई पार कर देश का मान बढ़ाया और नया रिकॉर्ड बनाया।
इस स्पर्धा में भारत के ही खिलाड़ी बंटी ने 1.92 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक हासिल किया। भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से देश को एक और बड़ी खेल उपलब्धि मिली है।
प्रवीण कुमार इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। पेरिस पैरालंपिक 2024 में उन्होंने 2.08 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक जीता था। वहीं, टोक्यो पैरालंपिक 2020 में 2.06 मीटर की ऊंचाई पार कर रजत पदक अपने नाम किया था।
टोक्यो में रजत, पेरिस में स्वर्ण और अब नागोया में एक और स्वर्ण पदक जीतकर प्रवीण ने अपनी उपलब्धियों में एक और सुनहरा अध्याय जोड़ दिया है। उनकी सफलता निरंतर मेहनत, मजबूत इच्छाशक्ति और खेल के प्रति समर्पण का प्रमाण है।
गोविंदगढ़ की मिट्टी में पले-बढ़े प्रवीण कुमार की इस उपलब्धि से पूरे जेवर क्षेत्र का गौरव बढ़ा है। उनकी कामयाबी उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो चुनौतियों का सामना करते हुए अपने सपनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना चाहते हैं।