एशियन गेम्स क्रिकेट ड्रॉ जारी |
एची-नागोया एशियाई खेल 2026 के क्रिकेट मुकाबलों का आधिकारिक ड्रॉ जारी कर दिया गया है। गत चैंपियन भारत ने भी अपने अभियान का रास्ता तय कर लिया है। भारतीय महिला टीम क्वार्टर फाइनल में मेजबान जापान का सामना करेगी, जबकि भारतीय पुरुष टीम सीधे क्वार्टर फाइनल से अपने अभियान की शुरुआत करेगी। पुरुष टीम का प्रतिद्वंद्वी क्वालीफाइंग राउंड के बाद तय होगा।
हांगझोउ एशियाई खेल 2023 में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम इस बार भी खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम अगर क्वार्टर फाइनल में जापान को हराती है, तो सेमीफाइनल में उसका मुकाबला बांग्लादेश या चीन में से किसी एक टीम से होगा। दोनों टीमें ड्रॉ के उसी हिस्से में शामिल हैं।
महिला वर्ग के अन्य क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में श्रीलंका का सामना मलेशिया से होगा, जबकि पाकिस्तान की भिड़ंत थाईलैंड से होगी। इन दोनों मुकाबलों की विजेता टीमें दूसरे सेमीफाइनल में आमने-सामने होंगी।
वहीं, पुरुष वर्ग में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को वरीयता के आधार पर सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह मिली है। इन टीमों को शुरुआती क्वालीफाइंग मुकाबले नहीं खेलने होंगे।
क्वार्टर फाइनल की बाकी चार जगहों के लिए छह टीमें क्वालीफाइंग राउंड खेलेंगी। ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान की टीमें हैं। दोनों ग्रुपों से शीर्ष दो टीमें क्वार्टर फाइनल में पहुंचेंगी और उनका मुकाबला वरीयता प्राप्त टीमों से होगा।
महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 17 से 22 सितंबर तक खेली जाएगी, जबकि पुरुषों के मुकाबले 24 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आयोजित होंगे। सभी मैच एची प्रीफेक्चर के कोरोगी एथलेटिक पार्क में टी-20 प्रारूप में खेले जाएंगे और उन्हें पूर्ण अंतरराष्ट्रीय दर्जा प्राप्त होगा।
भारतीय महिला टीम की कप्तानी हरमनप्रीत कौर करेंगी और स्मृति मंधाना उपकप्तान होंगी। वहीं, पुरुष टीम की कमान श्रेयस अय्यर के हाथों में होगी, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। 15 सदस्यीय भारतीय पुरुष टीम में युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को भी जगह दी गई है।