उत्तराखंड बारिश सड़क बंद चीन सीमा संपर्क प्रभावित |
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें बंद हो गई हैं। जगह-जगह मलबा आने और सड़क धंसने से यातायात प्रभावित है। बंद रास्तों को खोलने के लिए प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें लगातार काम कर रही हैं।
गुरुवार को मसूरी-चकराता हाईवे मसूरी बैंड से करीब 3 किलोमीटर पहले गश्ति बैंड पर कर्नल विला के पास सड़क धंसने के कारण बंद हो गया। सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें पड़ गई हैं, जिसके चलते इस मार्ग पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है।
मसूरी आने वाले वाहन अब अगलाड़-थत्यूड़-सुवाखोली होते हुए पहुंच रहे हैं।
चीन सीमा का संपर्क अभी भी बंद
वहीं, पिथौरागढ़ में टनकपुर-तवाघाट हाईवे पर धारचूला से आगे कूलागाड़ पुल टूटने के कारण मार्ग अभी भी बंद है। रास्ता खोलने के लिए सीमा सड़क संगठन यानी BRO की टीम वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने में जुटी है।
बुधवार को अस्थायी व्यवस्था के तहत नीचे बड़े पत्थर बिछाए गए थे। अब इनके ऊपर रैंप बनाया जाएगा। BRO के अनुसार, अगर मौसम ने साथ दिया तो करीब 5 से 6 घंटे में कूलागाड़ से वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकती है।
उधर, कैलास मानसरोवर यात्रा का नौवां दल फिलहाल गुंजी में है। कूलागाड़ में सड़क की स्थिति को देखते हुए यह दल गुंजी से धारचूला के लिए रवाना होगा।
हालांकि, कूलागाड़ में स्थानीय लोग बुधवार की तरह ही आवाजाही कर रहे हैं।