Thursday, October 08, 2026 06:43:37 PM

शाही मस्जिद पर बवाल
उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने पर बवाल, पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले

उज्जैन में सिंहस्थ-2028 के लिए सड़क चौड़ीकरण के दौरान शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने को लेकर तनाव बढ़ा। पथराव के बाद पुलिस ने आंसू गैस और लाठीचार्ज का इस्तेमाल किया।

उज्जैन में शाही मस्जिद का हिस्सा हटाने पर बवाल पथराव के बाद पुलिस ने छोड़े आंसू गैस के गोले
शाही मस्जिद पर बवाल |

मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के बीच शाही मस्जिद के एक हिस्से को हटाने को लेकर विवाद बढ़ गया। सोमवार को मस्जिद के पास जमा लोगों और पुलिस के बीच झड़प हुई। पुलिस पर पत्थर फेंके जाने के बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और लाठीचार्ज किया गया।

मामले में 10 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पथराव के दौरान क्राइम ब्रांच की महिला टीआई पुष्पा पांचाल के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

क्यों हटाया जा रहा मस्जिद का हिस्सा?

सिंहस्थ-2028 को देखते हुए उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण और दूसरे निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। इसी योजना के तहत कंठाल चौराहे से गोपाल मंदिर तक सड़क को 15 मीटर चौड़ा किया जाना है। शाही मस्जिद का कुछ हिस्सा प्रस्तावित सड़क की सीमा में आ रहा है, जिसे हटाने की कार्रवाई की जा रही है।

यह मार्ग महाकालेश्वर मंदिर, गोपाल मंदिर और शिप्रा तट से जुड़े इलाके में श्रद्धालुओं की आवाजाही के लिए महत्वपूर्ण है। प्रशासन का कहना है कि सिंहस्थ के दौरान बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने भी इस महीने मस्जिद के हिस्से को हटाने के खिलाफ दायर दो याचिकाएं खारिज कर दी थीं। कोर्ट ने अपने फैसले में सिंहस्थ के दौरान श्रद्धालुओं की आवाजाही, सुरक्षा और व्यापक जनहित का उल्लेख किया था। कोर्ट ने यह भी दर्ज किया कि इसी सड़क पर 10 मंदिरों और एक अन्य मस्जिद के निर्माण के हिस्से पहले हटाए जा चुके हैं।

कार्रवाई के दौरान बढ़ा तनाव

सोमवार सुबह मस्जिद का प्रभावित हिस्सा हटाने की प्रक्रिया के दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध किया। मौके पर नारेबाजी हुई और बाद में पुलिस पर पथराव की घटना सामने आई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल किया। इलाके में सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ाई गई है।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

शहर काजी खलीकुर्रहमान ने समाज के लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग बिना वजह मौके पर जमा न हों।

उज्जैन प्रशासन ने भी लोगों से शांति बनाए रखने को कहा है। प्रशासन के अनुसार सिंहस्थ-2028 को देखते हुए मास्टर प्लान के तहत सड़क चौड़ीकरण और विकास कार्य किए जा रहे हैं।

फिलहाल शाही मस्जिद के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें