Friday, November 13, 2026 01:53:34 PM

श्रीगंगानगर रेलवे लाइन के पास धमाका
श्रीगंगानगर में रेलवे लाइन के पास जोरदार धमाका, ट्रैक के दो सीमेंट के खंभे क्षतिग्रस्त, जांच में जुटी FSL टीम

राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक के पास धमाके से हड़कंप, FSL और बम निरोधक दस्ता जांच में जुटा।

श्रीगंगानगर में रेलवे लाइन के पास जोरदार धमाका ट्रैक के दो सीमेंट के खंभे क्षतिग्रस्त जांच में जुटी fsl टीम
श्रीगंगानगर रेलवे लाइन के पास धमाका |

राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन के पास जोरदार धमाके की घटना सामने आई है। रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के 50 GB गांव के नजदीक हुए इस धमाके से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना में रेलवे ट्रैक को सहारा देने वाले सीमेंट के दो खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। सूचना मिलते ही श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरिशंकर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई।

जानकारी के मुताबिक, अनूपगढ़-सूरतगढ़ ट्रेन के गुजरने के कुछ देर बाद रेलवे लाइन के पास जोरदार धमाका हुआ। इसकी चपेट में आने से ट्रैक को सहारा देने वाले दो सीमेंट के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। आशंका जताई जा रही है कि यदि धमाका ट्रेन के गुजरने से पहले हुआ होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी हरिशंकर ने फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया। इसके साथ ही बम निरोधक दस्ते ने भी रेलवे ट्रैक पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस और विशेषज्ञों की टीमें घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं। रेलवे के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

एसपी हरिशंकर ने बताया कि पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। FSL टीम और बम निरोधक दस्ता मामले की जांच कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले यह कहना जल्दबाजी होगी कि वास्तव में यह बम धमाका था या किसी अन्य वजह से घटना हुई। सभी पहलुओं की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

सीमावर्ती इलाके से हाल ही में बरामद हुआ था 7.5 किलो RDX

गौरतलब है कि पाकिस्तान सीमा से सटे श्रीगंगानगर जिले के सीमावर्ती इलाके से हाल ही में 7.5 किलो RDX बरामद किया गया था। ऐसे में रेलवे लाइन के पास हुई इस घटना को लेकर भी सुरक्षा के लिहाज से सतर्कता बरती जा रही है। हालांकि, एसपी हरिशंकर ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इस घटना का RDX की बरामदगी से कोई संबंध सामने नहीं आया है। मामले की जांच जारी है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें