Saturday, October 10, 2026 11:31:51 PM

समस्तीपुर में नाबालिग से बदसलूकी, 4 गिरफ्तार
जमुई के बाद समस्तीपुर में शर्मनाक घटना! नाबालिग से बदसलूकी, वीडियो वायरल

समस्तीपुर के कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की से सरेराह बदसलूकी का वीडियो वायरल हुआ। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है और अन्य की तलाश जारी है।

जमुई के बाद समस्तीपुर में शर्मनाक घटना  नाबालिग से बदसलूकी वीडियो वायरल
समस्तीपुर में नाबालिग से बदसलूकी, 4 गिरफ्तार |

समस्तीपुर, बिहार। जमुई में दो नाबालिगों के साथ मारपीट और उत्पीड़न का मामला अभी चर्चा में ही था कि अब समस्तीपुर से भी एक नाबालिग लड़की के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना कर्पूरीग्राम थाना क्षेत्र के जगतसिंह इलाके की बताई जा रही है। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

वायरल वीडियो में कुछ युवक दिन के समय सड़क पर एक लड़की को घेरकर उसके साथ अभद्र व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में युवक आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते और लड़की को गलत नीयत से छूते नजर आ रहे हैं। लड़की वीडियो में डरी और असहज दिखाई दे रही है।

हालांकि, वीडियो किस तारीख और समय का है, इसकी आधिकारिक जांच अभी की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि घटना के समय मौके पर कितने लोग मौजूद थे और वीडियो में दिखाई दे रहे अन्य युवक कौन हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए समस्तीपुर के एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने वायरल वीडियो का स्वतः संज्ञान लिया और विशेष पुलिस टीम बनाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता नाबालिग है।

कर्पूरीग्राम पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए छापेमारी की और चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य लोगों की पहचान के लिए भी जांच और छापेमारी जारी है।

जमुई की घटना के बाद समस्तीपुर का यह मामला एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा तथा कथित मोरल पुलिसिंग को लेकर सवाल खड़े कर रहा है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि कानून हाथ में लेने और किसी के साथ जबरदस्ती या अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें