जयपुर में बेटे पर पिता की हत्या का आरोप |
जयपुर में घरेलू विवाद के बीच एक बुजुर्ग की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सांगानेर सदर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरा में 75 वर्षीय जगदीश जाट की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके बेटे सवाई राम जाट और पत्नी सजनी जाट को हिरासत में लिया है।
जयपुर दक्षिण के डीसीपी राजर्षि राज के मुताबिक, शुरुआती पूछताछ में घरेलू विवाद के दौरान हत्या किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, सवाई राम ने कथित तौर पर घर में कुल्हाड़ी से अपने पिता पर हमला किया, जिससे उनकी मौत हो गई। उस समय उसकी मां सजनी भी घर में मौजूद थी।
शव ठिकाने लगाने की कोशिश का आरोप
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद शव को कंबल में लपेटकर ठिकाने लगाने की योजना बनाई गई थी। इसके लिए एक व्यक्ति को गाड़ी लेकर बुलाया गया और कुछ सामान ले जाने की बात कही गई।
हालांकि, गाड़ी चालक को शक हुआ और उसने सांगानेर सदर थाना पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
इससे पहले गुरुवार सुबह गोविंदपुरा गांव में एक सुनसान जगह पर 75 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। जांच के बाद शव की पहचान जगदीश जाट के रूप में हुई।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और एफएसएल टीम को बुलाकर सबूत जुटाए। थानाधिकारी कमलेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच की, जिसके बाद मामले की कड़ियां सामने आईं।
पहले से हत्या के मामले में आरोपी था परिवार
पुलिस के मुताबिक, मृतक जगदीश, उसका बेटा सवाई राम और पत्नी सजनी पहले भी एक हत्या के मामले में जेल जा चुके हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर थे। यह मामला 2022 में बड़े बेटे की पत्नी की हत्या से जुड़ा था। इस मामले में परिवार का बड़ा बेटा अभी भी जेल में है।
पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।