राघव चड्ढा के वोटर रजिस्ट्रेशन पर AAP के सवाल |
राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के मतदाता पंजीकरण को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सवाल उठाए हैं। पार्टी ने आरोप लगाया है कि राघव चड्ढा दिल्ली में अपना वोटर रजिस्ट्रेशन बैकडेट प्रक्रिया के जरिए कराने की कोशिश कर रहे हैं।
AAP का कहना है कि इस मामले का खुलासा होने के बाद राघव चड्ढा इसकी जिम्मेदारी आम आदमी पार्टी और पंजाब सरकार पर डालने की कोशिश कर रहे हैं।
पार्टी ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR चुनाव आयोग की प्रक्रिया है। वोटर लिस्ट में किसका नाम जोड़ा जाएगा या हटाया जाएगा, इसका फैसला पंजाब सरकार नहीं करती। इसलिए किसी का नाम मतदाता सूची से हटने में पंजाब सरकार की कोई भूमिका नहीं है।
AAP ने एक्स पर किया पोस्ट
AAP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि सार्वजनिक जानकारी के मुताबिक राघव चड्ढा दिल्ली में रह रहे हैं, पंजाब में नहीं। ऐसे में अगर वह पंजाब में नहीं रहते हैं तो अपने वोटर रजिस्ट्रेशन को बनाए रखने या नए निवास स्थान पर ट्रांसफर कराने की जिम्मेदारी उनकी खुद की थी।
पार्टी ने कहा कि अब वोटर लिस्ट से नाम हटने के लिए AAP या पंजाब सरकार को जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।
AAP ने आगे आरोप लगाया कि उसे चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों से जानकारी मिली है कि राघव चड्ढा दिल्ली के राजिंदर नगर विधानसभा क्षेत्र में अपना वोटर रजिस्ट्रेशन बैकडेट प्रक्रिया के जरिए कराने की कोशिश कर रहे हैं।
पार्टी ने कहा कि अगर किसी तरह की बैकडेट या गैर-कानूनी प्रक्रिया अपनाई गई है, तो इसकी जांच होनी चाहिए और पूरी सच्चाई जनता के सामने आनी चाहिए।
AAP ने यह भी कहा कि अगर BJP या किसी अन्य व्यक्ति ने ऐसी बैकडेट एंट्री कराने में मदद की है, तो पार्टी इस मामले को उसके तार्किक निष्कर्ष तक ले जाएगी। पार्टी ने मामले की जांच कर नियमों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित लोगों की भूमिका सामने लाने की मांग की है।