Friday, August 14, 2026 09:43:33 AM

कॉन्स्टेबल पर पत्नी की गोली मारकर हत्या का आरोप
दिल्ली में रिश्ते का खूनी अंत: कॉन्स्टेबल पर पत्नी को बीच सड़क गोली मारने का आरोप, CCTV में कैद वारदात

दिल्ली के एलबीएस अस्पताल के पास कॉन्स्टेबल पर पत्नी की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। वारदात CCTV में कैद हुई, आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

दिल्ली में रिश्ते का खूनी अंत कॉन्स्टेबल पर पत्नी को बीच सड़क गोली मारने का आरोप cctv में कैद वारदात
कॉन्स्टेबल पर पत्नी की गोली मारकर हत्या का आरोप |

पूर्वी जिला पुलिस की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) में तैनात एक कॉन्स्टेबल पर अपनी पत्नी की सरेआम गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। सोमवार तड़के करीब 3 बजे एलबीएस अस्पताल के पास हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी स्कूटी से मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

तीन साल पहले हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मनीष भाटी के रूप में हुई है, जो पूर्वी जिला पुलिस की AATS में कॉन्स्टेबल के पद पर तैनात है। वह अपनी पत्नी प्रियंका भाटी (34) के साथ पूर्वी विनोद नगर में रहता था। दोनों की शादी करीब तीन वर्ष पहले हुई थी।

स्कूटी से निकले थे, रास्ते में हुआ विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सोमवार तड़के दोनों स्कूटी से घर से निकले थे। एलबीएस अस्पताल के पास पहुंचने पर किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि दोनों स्कूटी से उतरकर बातचीत करने लगे, लेकिन विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर अपनी पत्नी प्रियंका भाटी को गोली मार दी और मौके से स्कूटी लेकर फरार हो गया।

ऑटो चालक ने पहुंचाया अस्पताल, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के दौरान वहां से गुजर रहे एक ऑटो चालक ने महिला को सड़क किनारे घायल अवस्था में देखा। उसने बिना देर किए प्रियंका को एलबीएस अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच तेज

पूर्वी जिला के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

प्रारंभिक जांच में पुष्टि हुई है कि आरोपी मनीष भाटी पूर्वी जिला पुलिस की AATS में तैनात कॉन्स्टेबल है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।

पड़ोसियों ने बताया- अक्सर होता था विवाद

पुलिस पूछताछ में पड़ोसियों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। हालांकि, पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें