Thursday, October 08, 2026 07:01:01 PM

70 साल के दंपती ने लुटेरे को दबोचा
70 साल के बुजुर्ग दंपती ने दिखाई हिम्मत, लूट की कोशिश के बाद आरोपी को खेत में दबोचा

मोगा के घोलिया गांव में करीब 70 वर्षीय दंपती ने कथित लूट की कोशिश का मुकाबला करते हुए एक आरोपी को धान के खेत में पकड़ लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

70 साल के बुजुर्ग दंपती ने दिखाई हिम्मत लूट की कोशिश के बाद आरोपी को खेत में दबोचा
70 साल के दंपती ने लुटेरे को दबोचा |

पंजाब के मोगा जिले के गांव घोलिया में एक बुजुर्ग दंपती ने हिम्मत दिखाते हुए कथित लूट की कोशिश को नाकाम कर दिया। करीब 70 साल के दंपती ने तीन युवकों का मुकाबला किया और उनमें से एक आरोपी को पीछा कर धान के खेत में पकड़ लिया। घटना से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग दंपती बाजार से सामान लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सुनसान सड़क पर तीन युवकों ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक नशे की हालत में थे और उन्होंने दंपती को लूटने की कोशिश की।

बुजुर्ग दंपती घबराए नहीं और तीनों का डटकर मुकाबला किया। इस दौरान दो युवक मौके से भागने में सफल रहे, जबकि तीसरा आरोपी भागकर पास के धान के खेत में छिप गया।

इसके बाद बुजुर्ग दंपती ने हार नहीं मानी। उन्होंने आरोपी का पीछा किया और खेत के अंदर ही उसे पकड़ लिया। दंपती ने युवक को वहीं काबू में रखा और गांव के लोगों को मदद के लिए बुलाया।

आवाज सुनकर गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और पकड़े गए युवक को खेत से बाहर निकाला। इसके बाद घटना की जानकारी बाघापुराना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है, जबकि फरार हुए अन्य दो युवकों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

बुजुर्ग दंपती द्वारा आरोपी को खेत में पकड़कर रखने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोग दंपती की हिम्मत की सराहना कर रहे हैं।


सम्बन्धित सामग्री


हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें