मंगोलपुरी फैक्ट्री में आग, 4 मजदूरों की मौत |
बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 में शुक्रवार रात एक जूता बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में चार मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर झुलस गए। घायलों को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां एक मजदूर को आईसीयू में रखा गया है।
मृतकों की पहचान प्रेमचंद, हरिहर, अशोक और लाल बाबू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अशोक बिहार के नालंदा जिले का रहने वाला था। वहीं, घायल विकास भी नालंदा जिले का निवासी है। घायल हरेंद्र को अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस मृतकों और घायलों के पते की पुष्टि करने के साथ उनके परिजनों से भी संपर्क कर रही है।
बेसमेंट में लगी थी आग
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब 9:30 बजे बी-293/294, मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र फेज-1 स्थित फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की करीब 20 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने के साथ बचाव अभियान शुरू किया।
फैक्ट्री की इमारत बेसमेंट, भूतल और तीन मंजिलों की थी। चौथी मंजिल पर भी कुछ निर्माण कार्य हुआ था। आग बेसमेंट में लगी थी। दमकलकर्मियों ने तीसरी और चौथी मंजिल से छह लोगों को बाहर निकालकर संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां चार को मृत घोषित कर दिया गया। आग बुझाने के बाद देर रात तक कूलिंग का काम जारी रहा।
दो आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट-सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। पुलिस फैक्ट्री मालिक मुकेश बंसल और रोहित गोयल से पूछताछ कर रही है।
इस मामले में एफआईआर संख्या 648/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 125(ए), 105 और 3(5) में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सुरेश चंद निवासी दीपाली चौक, पीतमपुरा और 47 वर्षीय अशोक निवासी सेक्टर-4, रोहिणी को गिरफ्तार कर पूछताछ की है। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मामले की जांच जारी है।