Thursday, October 08, 2026 07:18:18 PM

गुरुग्राम थार से कैब को टक्कर
गुरुग्राम में थार सवार का हाई-वोल्टेज ड्रामा, दोस्तों की कैब को कई बार मारी टक्कर

गुरुग्राम के सेक्टर-89 में थार सवार युवक ने कथित तौर पर दोस्तों की कैब को कई बार टक्कर मारी। कैब के एयरबैग खुलने से ड्राइवर और दोनों युवक बाल-बाल बच गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गुरुग्राम में थार सवार का हाई-वोल्टेज ड्रामा दोस्तों की कैब को कई बार मारी टक्कर
गुरुग्राम थार से कैब को टक्कर |

सेक्टर-89 में देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक थार सवार युवक ने सड़क पर जमकर हंगामा किया। आरोप है कि नशे में धुत युवक ने अपने ही दोस्तों की कैब को एक के बाद एक कई बार जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कैब के दोनों फ्रंट एयरबैग खुल गए और गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

गनीमत रही कि कैब में मौजूद ड्राइवर और दोनों युवक बाल-बाल बच गए। घटना का वीडियो आसपास मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि दिल्ली नंबर की महिंद्रा थार में चार युवक सेक्टर-89 पहुंचे थे। वहां किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच बहस हो गई। विवाद बढ़ने पर दो युवक थार से उतर गए और घर जाने के लिए रैपिडो ऐप से कैब बुक कर सड़क किनारे खड़े होकर इंतजार करने लगे।

कैब पहुंची और दोनों युवक उसमें बैठे ही थे कि थार चला रहे उनके साथी ने गुस्से में कैब को टक्कर मारना शुरू कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने थार को बार-बार पीछे किया और फिर तेज रफ्तार से कैब में टक्कर मारी। कैब ड्राइवर के रोकने के लिए कहने के बावजूद टक्कर जारी रही।

हादसे के दौरान एयरबैग खुलने से कैब में बैठे लोगों की जान बच गई। घटना के बाद कैब ड्राइवर ने खेड़कीदौला थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक थार सवार आरोपी अपने साथी के साथ फरार हो चुका था।

पुलिस के मुताबिक थार दिल्ली नंबर पर रजिस्टर्ड है। गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक और आरोपी युवकों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें