LPU में हिंसा और लूटपाट की जांच |
कपूरथला। पंजाब के कपूरथला में स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) शनिवार देर रात हुई हिंसा के बाद चर्चा में है। कथित तौर पर एक छात्रा से दुष्कर्म के मामले को लेकर कैंपस में विरोध-प्रदर्शन हुआ। इस दौरान आगजनी और तोड़फोड़ के साथ यूनिवर्सिटी परिसर में बने मॉल और दुकानों में लूटपाट किए जाने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
वायरल वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस भी शुरू हो गई है। कुछ लोग लूटपाट के लिए छात्रों को जिम्मेदार बता रहे हैं, जबकि कुछ यूजर्स का दावा है कि इसमें बाहरी लोग शामिल थे।
दुकानों से सामान ले जाते दिखे लोग
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में कुछ लोग कैंपस के यूनि-मॉल की दुकानों में घुसते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान, जूते और खाने-पीने की चीजें ले जाते हुए लोग नजर आ रहे हैं।
कुछ वीडियो में PS-5, महंगे लैपटॉप और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाने के दावे किए जा रहे हैं। एक वीडियो में कुछ लोग जूतों की दुकान में अपने साइज के जूते तलाशते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, इलेक्ट्रॉनिक दुकान से जुड़े एक वीडियो में एक व्यक्ति आईफोन 14 के बारे में पूछता नजर आ रहा है।
वीडियो में कुछ लोगों की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं, जिसमें कथित तौर पर सामान लेने को लेकर उत्साह जताया जा रहा है।
क्या है पूरा मामला?
शनिवार देर रात यूनिवर्सिटी कैंपस में एक छात्रा से कथित दुष्कर्म के मामले को लेकर विरोध-प्रदर्शन हुआ था। जालंधर के SSP हरविंदर सिंह विर्क के मुताबिक, घटना के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए और पुलिस की गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं की है कि यूनिवर्सिटी कैंपस में किसी छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ था या नहीं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
पुलिस के मुताबिक, कई अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और जांच जारी है।
यूनिवर्सिटी ने क्या कहा?
LPU के डीन सौरव लखनपाल ने समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में कहा कि यूनिवर्सिटी ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से लिया है। उनके मुताबिक, छात्रों को CCTV फुटेज देखने और उनके द्वारा बताए गए कमरे में जाने की अनुमति दी गई है।
उन्होंने कहा कि जब छात्रों ने मामला यूनिवर्सिटी के सामने रखा, तो इसे गंभीरता से लेने का फैसला किया गया। यूनिवर्सिटी ने छात्रों को सहयोग का भरोसा दिलाया और उनसे औपचारिक शिकायत दर्ज कराने की अपील की।
शिक्षा मंत्री ने क्या कहा?
पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि पंजाब देश का एक प्रमुख शिक्षा केंद्र है, जहां देश और विदेश से छात्र पढ़ने आते हैं।
उन्होंने निजी यूनिवर्सिटी में डर और अराजकता का माहौल बनाने की कोशिश को निंदनीय बताया। मंत्री ने कहा कि अगर यह किसी साजिश का हिस्सा है तो इसमें शामिल साजिशकर्ताओं को भी बख्शा नहीं जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। कथित दुष्कर्म की घटना, हिंसा और लूटपाट से जुड़े आरोपों को लेकर जांच के बाद ही पूरी तस्वीर साफ होगी।