रील बनाते समय गंगा में डूबा युवक |
हावड़ा के रामकृष्णपुर घाट पर बुधवार को रील बनाने के दौरान एक 30 वर्षीय युवक गंगा में डूब गया। हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
लापता युवक की पहचान मोहम्मद तौहिद अक्रम के रूप में हुई है। वह शिबपुर इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, तौहिद घाट पर रील बना रहे थे। इसी दौरान वह गंगा में गिर गए और देखते ही देखते पानी में लापता हो गए। घटना के समय हावड़ा, कोलकाता और आसपास के इलाकों में लगातार बारिश भी हो रही थी।
सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन बल की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। गोताखोरों को भी गंगा में उतारा गया और बड़े स्तर पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
हालांकि, देर शाम तक तौहिद का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना की जानकारी फैलते ही रामकृष्णपुर घाट पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि घाट पर किशोर और युवा अक्सर जान जोखिम में डालकर रील बनाते हैं। पहले भी ऐसे मामलों में हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद रील बनाने का सिलसिला पूरी तरह नहीं रुका है।
फिलहाल आपदा प्रबंधन की टीम और गोताखोर युवक की तलाश में जुटे हुए हैं।