खगड़िया में फर्जी IAS गिरफ्तार |
बिहार के खगड़िया जिले में पुलिस ने मनीष कुमार गुप्ता उर्फ चिक्कू को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी खुद को फर्जी IAS अधिकारी बताकर लोगों से ठगी करता था। आरोप है कि पिछले 10 से 14 साल में उसने ठगी के जरिए 100 करोड़ रुपये से अधिक का साम्राज्य खड़ा किया।
रिपोर्ट के मुताबिक, मनीष खुद को PMO का वरिष्ठ अधिकारी और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल का अंडरकवर एजेंट बताता था। वह लोगों को सरकारी काम कराने, नौकरी लगवाने और ट्रांसफर-पोस्टिंग कराने का भरोसा देकर पैसे लेता था।
खगड़िया पुलिस ने एसपी भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में जमालपुर बाजार स्थित उसके आलीशान बंगले ‘परमेश्वरी भवन’ पर करीब साढ़े सात घंटे तक छापेमारी की। तलाशी के दौरान पुलिस ने Tesla Model Y, Tata Safari, 5 Apple iPhone, 2 MacBook, एक iPad, हार्ड डिस्क, 20 क्रेडिट कार्ड, 8 डेबिट/ATM कार्ड और 4 चेकबुक बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, गाड़ियों पर ‘GOVT OF INDIA’ और ‘IAS’ के बोर्ड भी लगे थे। घर से विदेशी शराब और कुछ प्रतिबंधित वन्यजीव वस्तुएं मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
जांच में आरोपी के बैंक खातों से अमेरिका और कनाडा से लेनदेन की बात भी सामने आई है। पूरे मामले की वित्तीय जांच के लिए बिहार पुलिस की आर्थिक अपराध इकाई (EOU) को भी शामिल किया जा रहा है।