Sunday, August 16, 2026 10:03:08 AM

कौन हैं देवेंद्र नाथ महतो?
झारखंड छात्र आंदोलन का नया चेहरा बने देवेंद्र नाथ महतो, JPSC-JSSC सुधार तक भूख हड़ताल का ऐलान

JPSC और JSSC में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ झारखंड छात्र आंदोलन के बीच देवेंद्र नाथ महतो भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। जानिए कौन हैं छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो और क्यों चर्चा में हैं।

झारखंड छात्र आंदोलन का नया चेहरा बने देवेंद्र नाथ महतो jpsc-jssc सुधार तक भूख हड़ताल का ऐलान
कौन हैं देवेंद्र नाथ महतो? |

झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलन के बीच एक नया चेहरा तेजी से चर्चा में है। छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने ऐलान किया है कि जब तक JPSC और JSSC में पूरी तरह सुधार नहीं होता, तब तक वह भूख हड़ताल जारी रखेंगे।

रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में चल रहे इस आंदोलन में देवेंद्र नाथ महतो को कई लोग छात्र आंदोलन का प्रमुख चेहरा मान रहे हैं। उनकी भूख हड़ताल की तुलना कुछ लोग पहले हुए छात्र आंदोलनों से भी कर रहे हैं।

देवेंद्र नाथ महतो का कहना है कि "अभी नहीं तो कभी नहीं।" उनके अनुसार, उन्होंने 5 जुलाई को ही आंदोलन की शुरुआत की थी, जब JPSC की 14वीं सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा का परिणाम घोषित हुआ। उनका आरोप है कि इस परीक्षा में कई गड़बड़ियां हुईं, जिनकी चर्चा अब सार्वजनिक रूप से भी हो रही है। उनका कहना है कि छात्रों की आवाज़ उठाने के लिए भूख हड़ताल ही उनके पास आखिरी रास्ता बचा।

उन्होंने यह भी बताया कि CJP (Cockroach Janata Party) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए उनसे बातचीत की और छात्र आंदोलन को समर्थन देने का भरोसा दिया।

कौन हैं देवेंद्र नाथ महतो?

देवेंद्र नाथ महतो रांची जिले के राहे प्रखंड के कापीडीह गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में पढ़ाई करते हुए लगातार प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की।

उन्होंने वर्ष 2006 में मैट्रिक, 2008 में विज्ञान वर्ग से इंटरमीडिएट, इसके बाद डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची से संस्कृत में स्नातक किया। फिर हजारीबाग से बी.एड. प्रथम श्रेणी में पास किया।

इसके बाद उन्होंने संस्कृत और कुड़माली, जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा विषयों में भी प्रथम श्रेणी से दो अलग-अलग स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएट) डिग्रियां हासिल कीं।

2015 से उठा रहे हैं छात्रों की आवाज़

देवेंद्र नाथ महतो वर्ष 2015 से छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय हैं। उन्होंने छात्रवृत्ति, पेपर लीक, भर्ती नियमावली, नियोजन नीति और JPSC-JSSC की विभिन्न परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को लगातार उठाया है।

बताया जाता है कि 6वीं JPSC परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन के दौरान उन्होंने अपनी मां को भी खो दिया था। इसके बावजूद उन्होंने छात्र हितों की लड़ाई जारी रखी।

फिलहाल, झारखंड में चल रहे छात्र आंदोलन के बीच देवेंद्र नाथ महतो की भूख हड़ताल चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं JPSC और JSSC से जुड़े आरोपों तथा छात्रों की मांगों पर आगे क्या फैसला होता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें