Friday, August 14, 2026 08:51:04 AM

संगरूर भाजपा कार्यालय पर हमला पुलिस जांच
संगरूर के भाजपा जिला कार्यालय पर पेट्रोल डालकर किया गया हमला, नाराजगी और आरोपों का सामना

संगरूर में भाजपा जिला कार्यालय पर कथित पेट्रोल से हमला किया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। भाजपा नेताओं ने कार्रवाई की मांग की है।

संगरूर के भाजपा जिला कार्यालय पर पेट्रोल डालकर किया गया हमला नाराजगी और आरोपों का सामना
संगरूर भाजपा कार्यालय पर हमला पुलिस जांच |

पंजाब के संगरूर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जिला कार्यालय को कथित तौर पर असामाजिक तत्वों ने निशाना बनाया। यह घटना उपली रोड स्थित भाजपा कार्यालय की बताई जा रही है, जहां सोमवार देर रात पेट्रोल डालकर हमला किए जाने का आरोप है।

घटना की जानकारी मंगलवार सुबह उस समय हुई, जब कार्यालय खोला गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।

मौके पर पहुंचे डीएसपी संगरूर दलबीर सिंह, सीआईए इंचार्ज संदीप सिंह और थाना सिटी संगरूर के एसएचओ सुखदेव सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के इलाके की जानकारी जुटाई और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, घटना में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। वहीं, हमले के पीछे शामिल लोगों की पहचान करने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज समेत अन्य सबूतों की जांच कर रही है।

भाजपा कार्यालय पर हुए इस हमले को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। भाजपा जिला अध्यक्ष मनिंदर सिंह कपियाल और पूर्व जिला अध्यक्ष संदीप सिंह देवल ने घटना की कड़ी निंदा की।

भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होती जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले असामाजिक तत्व थानों और अन्य संस्थानों को निशाना बना रहे थे, लेकिन अब राजनीतिक दलों के कार्यालय भी सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने सरकार से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

भाजपा नेताओं ने बताया कि घटना की जानकारी पार्टी प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों को भी दे दी गई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें