Thursday, October 08, 2026 06:15:55 PM

पूर्व चीफ सेक्रेटरी राकेश मेहता की संदिग्ध मौत
दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी राकेश मेहता की संदिग्ध मौत, नोएडा फ्लैट में मिला शव

दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी राकेश मेहता का शव नोएडा के सेक्टर-82 स्थित फ्लैट में मिला। पुलिस कथित आत्महत्या, सुसाइड नोट और फोरेंसिक जांच के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी राकेश मेहता की संदिग्ध मौत नोएडा फ्लैट में मिला शव
पूर्व चीफ सेक्रेटरी राकेश मेहता की संदिग्ध मौत |

दिल्ली के पूर्व चीफ सेक्रेटरी और 1975 बैच के IAS अधिकारी राकेश मेहता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या की। उनका शव 6 सितंबर को नोएडा के सेक्टर-82 स्थित किराए के फ्लैट में पंखे से लटका मिला।

पुलिस को फ्लैट से एक पन्ने का कथित सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें किसी व्यक्ति को मौत के लिए जिम्मेदार नहीं बताया गया है। नोट में मानसिक तनाव और स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियों का जिक्र होने की बात सामने आई है।

करीब 5 साल से नोएडा में अकेले रह रहे थे

राकेश मेहता करीब 5 साल से सेक्टर-82 की केंद्रीय विहार-2 सोसाइटी में किराए के फ्लैट में अकेले रह रहे थे। उनकी पत्नी और बेटा देहरादून में रहते हैं, जबकि उनकी शादीशुदा बेटी लंदन में रहती है। परिवार के लोग समय-समय पर उनसे मिलने नोएडा आते थे।

पत्नी से शनिवार रात हुई थी बात

राकेश मेहता की पत्नी ने शनिवार रात उनसे फोन पर बात की थी। रविवार दोपहर परिवार ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।

इसके बाद परिवार ने सोसाइटी के सिक्योरिटी गार्ड को सूचना दी। दो गार्ड फ्लैट पर पहुंचे, जहां राकेश मेहता का शव पंखे से लटका मिला।

सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल उनकी मौत से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

हाई BP और डायबिटीज समेत कई बीमारियों से परेशान थे

पुलिस के मुताबिक, राकेश मेहता को हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और दूसरी स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां थीं। उनके दाहिने हाथ और पैर में कंपन भी रहता था।

पुलिस को मिले कथित सुसाइड नोट में भी बीमारी और मानसिक परेशानी का जिक्र होने की बात सामने आई है।

शीला दीक्षित के कार्यकाल में बने थे दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी

राकेश मेहता 1975 बैच के IAS अधिकारी थे। साल 2007 में उन्हें दिल्ली का चीफ सेक्रेटरी बनाया गया था। नवंबर 2010 में वे रिटायर हुए।

उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री शीला दीक्षित के कार्यकाल में तीन साल से ज्यादा समय तक दिल्ली के मुख्य सचिव की जिम्मेदारी संभाली। उनके कार्यकाल के दौरान 2010 कॉमनवेल्थ गेम्स दिल्ली में आयोजित हुए थे।

इसके अलावा उन्होंने दिल्ली में ट्रांसपोर्ट, बिजली और सिविक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट की निगरानी की थी। वे दिल्ली नगर निगम यानी MCD के कमिश्नर भी रह चुके थे।

सेंट स्टीफंस, JNU और LSE से की पढ़ाई

राकेश मेहता ने सेंट स्टीफंस कॉलेज, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) से पढ़ाई की थी। उन्होंने अर्थशास्त्र और इससे जुड़े विषयों की शिक्षा ली थी।

सोमवार को हुआ अंतिम संस्कार

राकेश मेहता का अंतिम संस्कार सोमवार को दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट में किया गया।

परिवार की ओर से फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। पुलिस कथित सुसाइड नोट, फोरेंसिक जांच और दूसरे तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।


सम्बन्धित सामग्री







हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें