हिसार कोर्ट के बाहर गैंगस्टर विनोद काना की हत्या |
हरियाणा के हिसार में गुरुवार को कोर्ट के बाहर दिनदहाड़े गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह एक मामले में पेशी के लिए कोर्ट आया था। पुलिस के मुताबिक, दो बाइक सवार बदमाशों ने उस पर फायरिंग की और वारदात के बाद मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 2 बजे, जैसे ही काना कोर्ट के गेट से बाहर निकला, हमलावरों ने उस पर गोलियां चला दीं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने कुल 14 राउंड फायरिंग की, जिसमें 12 गोलियां काना पर चलाई गईं और इसके बाद दो हवाई फायर कर हमलावर फरार हो गए।
विनोद पानू उर्फ काना हिसार का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर बताया जाता था। उसके खिलाफ हत्या समेत 31 मामले दर्ज होने की बात सामने आई है। उस पर 7 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था।
दिल्ली-NCR तक था गैंग का नेटवर्क
पुलिस के मुताबिक, विनोद काना का प्रभाव हिसार के अलावा दिल्ली-NCR समेत कई इलाकों तक बताया जाता था। पुलिस ने उसे साल 2017 में झज्जर के भडावास इलाके से गिरफ्तार किया था। उस समय उसके साथ सात अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया था। इनमें मकोका से फरार और पैरोल जंप करने वाला आरोपी धीरपाल भी शामिल था।
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से दो रिवॉल्वर, एक कार्बाइन, दो 12 बोर की बंदूकें, तीन पिस्टल और बड़ी संख्या में कारतूस बरामद किए थे। पुलिस के मुताबिक, उस समय ये बदमाश मंजीत गैंग के प्रदीप सोलंकी की हत्या की साजिश में थे।
सावित्री जिंदल के PA के भतीजे की हत्या में भी नाम
विनोद काना का नाम पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल के PA ललित शर्मा के भतीजे बिट्टू शर्मा की हत्या के मामले में भी सामने आया था। 2014 में हिसार के पुष्पा कॉम्प्लेक्स में बिट्टू शर्मा की गोली मारकर हत्या की गई थी और पुलिस ने विनोद पानू को इस मामले में आरोपी बताया था।
अब हिसार कोर्ट के बाहर हुई इस हत्या के बाद पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट गई है और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।