लाहौल में चट्टान गिरने से हादसा |
हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में शुक्रवार (24 जुलाई, 2026) को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। उदयपुर-किलाड़ (तांदी-संसारी राष्ट्रीय राजमार्ग) पर कडू नाला के पास पहाड़ी से अचानक भारी चट्टानें और मलबा गिरने से एक टाटा सूमो टैक्सी (HP-01M-2210) उसकी चपेट में आ गई।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, टैक्सी कुल्लू से पांगी जा रही थी और उसमें चालक समेत करीब 14 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि पिछले दिन सड़क बंद होने के कारण सभी यात्री तिंदी में रुके हुए थे। शुक्रवार को मार्ग खुलने के बाद वाहन पांगी के लिए रवाना हुआ, लेकिन कडू नाला के पास यह हादसा हो गया।
घटना के तुरंत बाद सीमा सड़क संगठन (BRO) की टीम ने राहत और बचाव अभियान शुरू किया। मलबे से एक घायल को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फिलहाल प्रशासन ने मृतक की पहचान और अन्य यात्रियों की स्थिति को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की है।
हादसे की सूचना मिलते ही लाहौल पुलिस, तिंदी थाना पुलिस, उदयपुर प्रशासन, जिला उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य संबंधित एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं। वहीं, पांगी के कार्यकारी आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम अमनदीप सिंह भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
बचाव दल युद्ध स्तर पर मलबा हटाकर वाहन तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं। आशंका है कि टैक्सी में सवार अन्य यात्री अभी भी मलबे में फंसे हो सकते हैं।
लगातार खराब मौसम और पहाड़ी से गिर रहे मलबे के कारण राहत और बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह या अपुष्ट जानकारी पर भरोसा न करें और केवल आधिकारिक सूचनाओं का ही अनुसरण करें।