लापता लड्डू गोपाल की तलाश में SIT |
मध्य प्रदेश के ग्वालियर से आस्था से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां एक महिला के लड्डू गोपाल पिछले पांच महीने से लापता हैं। अब इस मामले में ग्वालियर के आईजी ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। यह टीम लापता लड्डू गोपाल की तलाश करेगी।
बाजार गई थीं, वहीं छूट गई मूर्ति
यह घटना 29 जनवरी की है। ग्वालियर के अलकापुरी इलाके में रहने वाली विजया शर्मा हमेशा अपने साथ लड्डू गोपाल की एक छोटी मूर्ति रखती हैं।
उस दिन भी वह खरीदारी के लिए बाजार गई थीं और अपने साथ लड्डू गोपाल को लेकर गई थीं। खरीदारी के दौरान माधवगंज इलाके में एक ठेले पर उनकी मूर्ति छूट गई। जब उन्हें इसका एहसास हुआ और वह वापस पहुंचीं, तब तक मूर्ति वहां नहीं थी।
5 महीने से लगातार कर रही हैं तलाश
इसके बाद विजया शर्मा ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन लड्डू गोपाल का कोई पता नहीं चला। उन्होंने पुलिस से भी मदद मांगी, लेकिन उस समय उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पिछले पांच महीने से वह लगातार अपने लड्डू गोपाल की तलाश कर रही हैं।
5 हजार रुपये का इनाम घोषित
विजया शर्मा ने घोषणा की है कि जो भी उनके लड्डू गोपाल को सुरक्षित वापस लाएगा, उसे 5,000 रुपये नकद इनाम दिया जाएगा।
उनका कहना है कि जिस दिन से लड्डू गोपाल लापता हुए हैं, तब से वह और उनके परिवार के सदस्य ठीक से खाना भी नहीं खा पा रहे हैं।
सपने में आए लड्डू गोपाल, कहा- मुझे चोट लगी है
विजया शर्मा का दावा है कि लड्डू गोपाल उनके सपने में आए थे। उनके अनुसार, सपने में लड्डू गोपाल ने कहा कि उन्हें चोट लगी हुई है।
इसके बाद विजया शर्मा ने ग्वालियर के आईजी अरविंद सक्सेना से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी दी।
आईजी ने गठित की SIT
महिला की आस्था और भावनाओं को देखते हुए आईजी अरविंद सक्सेना ने मामले को गंभीरता से लिया और लड्डू गोपाल की तलाश के लिए एसआईटी (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का गठन कर दिया।
इस टीम में तीन थाना क्षेत्रों की पुलिस को शामिल किया गया है, जो अब लापता लड्डू गोपाल की तलाश करेगी।
फिलहाल यह अनोखा मामला पूरे ग्वालियर में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां एक महिला की अपने आराध्य के प्रति अटूट श्रद्धा और उन्हें खोजने के लिए पुलिस की पहल लोगों का ध्यान खींच रही है।