दिल्ली सदर बाजार बच्ची रेप मामला |
दिल्ली के सदर बाजार से एक बेहद गंभीर मामला सामने आया है। यहां छठी कक्षा में पढ़ने वाली करीब 10 साल की बच्ची के साथ रेप का आरोप है। आरोप एक 56 साल के दुकानदार पर है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में FIR दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
दरअसल, यह घटना 16 सितंबर की रात की बताई जा रही है। पुलिस को रात करीब 11 बजे PCR कॉल के जरिए सूचना मिली कि एक दुकानदार ने नाबालिग बच्ची को अपनी दुकान में बंधक बनाकर उसके साथ यौन शोषण किया है।
सूचना मिलते ही सदर बाजार थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके साथ ही ACP सदर बाजार और महिला थाना पुलिस की टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की।
पुलिस की जांच के मुताबिक, बच्ची रात करीब 11 बजे अपने घर से स्कूल के लिए जरूरी सामान खरीदने निकली थी। उसे नोटबुक, पेन और दूसरी स्टेशनरी का सामान लेना था। रास्ते में एक दर्जी की दुकान पड़ती थी। आरोप है कि दुकानदार ने बच्ची को बहला-फुसलाकर दुकान के अंदर बुलाया और फिर उसे वहां बंधक बना लिया।
आरोप है कि आरोपी ने बच्ची के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ यौन शोषण किया।
मामले में आरोपी की पहचान 56 साल के मकसूद के रूप में हुई है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट के महिला थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने रेप, POCSO एक्ट और गलत तरीके से बंधक बनाने से जुड़ी गंभीर धाराओं के तहत FIR दर्ज की है।
आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है। नाबालिग की पहचान कानूनी प्रावधानों के तहत सार्वजनिक नहीं की गई है।
8 दिन पहले दिल्ली में सामने आया था एक और गंभीर मामला
गौर करने वाली बात है कि इस घटना से करीब 8 दिन पहले दिल्ली के स्वरूप नगर में भी एक नाबालिग से गैंगरेप और हत्या का मामला सामने आया था।
13 सितंबर की सुबह पुलिस को कुशक रोड पर जयपाल राणा के खेत के पास खुले मैदान में एक बच्ची का शव मिला था।
इस मामले में दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष लता गुप्ता ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी और उन्हें कानूनी मदद, काउंसलिंग और न्यायिक सहायता का भरोसा दिया था।
पुलिस ने जांच के दौरान 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही वारदात से जुड़े बताए जा रहे एक टेंपो का भी पता लगाया गया। इसके बाद पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें तीन नाबालिग शामिल हैं।
सदर बाजार की घटना में पुलिस फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है।