कालकाजी नाबालिग गैंगरेप |
नई दिल्ली। दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास 17 वर्षीय नाबालिग लड़की से कथित गैंगरेप का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों में से एक आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, उसके पैर में गोली लगी है। अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है।
दोस्त के साथ मंदिर गई थी नाबालिग
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता सोमवार, 21 सितंबर की शाम करीब 7 बजे अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर पहुंची थी। दर्शन करने के बाद दोनों करीब 7:30 बजे पास के एक पार्क में गए।
आरोप है कि इसी दौरान 25 से 30 साल की उम्र के तीन युवक वहां पहुंचे। उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया और दोनों को धमकाया। पीड़िता के बयान के मुताबिक, आरोपियों ने उसके दोस्त को बंधक बना लिया और इसके बाद तीनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
रात 8:45 बजे मिली PCR कॉल
घटना के बाद करीब 8:45 बजे पार्क से PCR कॉल मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और नाबालिग को मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। मामले में POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
एक आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी आसिफ को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। उसके पैर में गोली लगी है और वह पुलिस की गिरफ्त में है। अब पुलिस उससे पूछताछ कर अन्य दो आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
आरोपियों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए पुलिस पार्क और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। फरार दोनों आरोपियों की तलाश जारी है।