DU छात्राओं के अनोखे नारे वायरल |
दिल्ली यूनिवर्सिटी की छात्राओं के कुछ अनोखे नारे इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। महिला सुरक्षा और अधिकारों को लेकर निकाले गए मार्च में छात्राओं ने ऐसे अंदाज में अपनी बात रखी, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया।
प्रदर्शन के दौरान छात्राओं ने “एक कचौड़ी, दो समोसा, इन मर्दों का क्या भरोसा” और “हमारी स्कर्ट नहीं है छोटी, इन मर्दों की सोच है छोटी” जैसे नारे लगाए।
दरअसल, दिल्ली के कालकाजी इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना के विरोध में मिरांडा हाउस, लेडी श्रीराम कॉलेज समेत कई कॉलेजों की छात्राएं मार्च में शामिल हुईं।
‘हम औरतें आजाद हैं’ बैनर के तहत हुए इस प्रदर्शन में छात्राओं ने महिलाओं की सुरक्षा, आजादी और पितृसत्ता के खिलाफ आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान “बलात्कारी को अंदर करो, लड़कियों को नहीं”, “आजादी, आजादी” और “पिंजरा तोड़ना नहीं छोड़ेंगे” जैसे नारे भी लगाए गए।
छात्राओं का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा के नाम पर उनकी आजादी और आवाज पर रोक नहीं लगनी चाहिए। उनका संदेश है कि अपराधों के लिए महिलाओं पर पाबंदी लगाने के बजाय अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
इन अनोखे नारों और प्रदर्शन के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद महिला सुरक्षा और आजादी को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।