Saturday, September 05, 2026 02:19:52 AM

रोहिणी बुजुर्ग हत्याकांड का ढाई घंटे में खुलासा
80 लाख की ज्वेलरी के लालच में बुजुर्ग की हत्या, लड़की समेत 4 गिरफ्तार

रोहिणी में बुजुर्ग की हत्या का ढाई घंटे में खुलासा। 80 लाख की ज्वेलरी के लालच में रची साजिश, लड़की समेत 4 आरोपी गिरफ्तार।

80 लाख की ज्वेलरी के लालच में बुजुर्ग की हत्या लड़की समेत 4 गिरफ्तार
रोहिणी बुजुर्ग हत्याकांड का ढाई घंटे में खुलासा |

दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-3 में बुजुर्ग राकेश खन्ना की हत्या के मामले का पुलिस ने महज ढाई घंटे में खुलासा कर दिया है। रोहिणी डीसीपी और उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए एक लड़की समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि हत्या लूट के इरादे से की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, मृतक के परिवार की करीबी सिमरन ने अपने प्रेमी हिमांशु के साथ मिलकर साजिश रची थी। हिमांशु जिम का मालिक है, जबकि चिराग उसी जिम में ट्रेनर है। पुलिस ने सिमरन, हिमांशु, चिराग और पारस को गिरफ्तार किया है।

बताया जा रहा है कि आरोपियों की नजर करीब 80 लाख रुपये की ज्वेलरी पर थी। राकेश खन्ना ने हाल ही में अपना मकान करीब 80 लाख रुपये में बेचा था और उस रकम से ज्वेलरी खरीदी थी।

आरोपियों ने पहले डिलीवरी बॉय बनकर घर में घुसने की कोशिश की, लेकिन खन्ना को शक हो गया। उन्होंने सामान की पुष्टि के लिए मोबाइल पर फोन करने को कहा। आरोपियों ने फोन नहीं किया, इसलिए उन्होंने दरवाजा नहीं खोला और पहली कोशिश नाकाम हो गई।

इसके बाद सिमरन ने अपनी पहचान और रिश्तेदारी का फायदा उठाकर बुजुर्ग से गेट खुलवा लिया। सिमरन और हिमांशु बाहर खड़े रहे, जबकि पारस और चिराग घर के अंदर गए।

आरोप है कि अंदर जाते ही चिराग ने राकेश खन्ना का मुंह दबा दिया, जिससे दम घुटने से उनकी मौत हो गई। इसके बाद आरोपी घर में नकदी और ज्वेलरी तलाशने लगे।

इसी दौरान खन्ना की पत्नी और उनकी दो बहनें ऑटो से घर पहुंच गईं। उन्हें देखकर सिमरन और हिमांशु ने अंदर मौजूद आरोपियों को भागने का इशारा किया। आरोपी करीब डेढ़ लाख रुपये नकद और 4 लाख रुपये की ज्वेलरी लेकर फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, सिमरन को पता था कि खन्ना ने हाल ही में मकान बेचा है और घर में ज्वेलरी रखी है। जांच में यह भी सामने आया कि वारदात से पहले सिमरन अपनी मां, खन्ना की पत्नी और तीसरी मौसी को जन्माष्टमी के मेले में लेकर गई थी। उन्हें वहां छोड़कर वह जल्दी वापस आ गई और साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस ने बताया कि खन्ना ने बाकी ज्वेलरी कहीं और छिपाकर रखी थी, इसलिए आरोपियों के हाथ केवल करीब 4 लाख रुपये की ज्वेलरी लगी।

रोहिणी साउथ थाना पुलिस ने डीसीपी शशांक जायसवाल की देखरेख में कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को वारदात के करीब ढाई घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने लूटी गई नकदी और ज्वेलरी भी बरामद कर ली है।

फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की आगे जांच जारी है।


सम्बन्धित सामग्री






हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें