स्वरूप नगर किशोरी दुष्कर्म हत्या |
दिल्ली के स्वरूप नगर इलाके में एक किशोरी के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म और हत्या के मामले में पुलिस ने तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को पकड़ा है। इनमें एक बालिग है। किशोरी का शव 13 सितंबर को कुशक रोड के पास लाल बाउंड्री के नजदीक एक खेत में मिला था।
पुलिस की जांच में आसपास लगे 50 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। इस दौरान एक संदिग्ध टेंपो इलाके में घूमता दिखाई दिया। अंधेरा होने की वजह से शुरुआत में उसका नंबर साफ नहीं दिखा, लेकिन पुलिस ने अलग-अलग कैमरों की मदद से टेंपो की आवाजाही को ट्रेस किया। बाद में यह टेंपो खड्डा कॉलोनी में मिला।
टेंपो के चालक से पूछताछ के बाद पुलिस ने तीन नाबालिगों और एक बालिग आरोपी को पकड़ा। बालिग आरोपी की पहचान खड्डा कॉलोनी निवासी शिवम उर्फ सुदामा के रूप में हुई है। तीनों नाबालिगों की उम्र 16 से 17 साल के बीच बताई गई है। पुलिस के अनुसार, इनमें से एक नाबालिग मृतका की दोस्त बताई जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सभी आरोपी टेंपो से साथ आए थे और उन्होंने शराब पी रखी थी। पुलिस को शक है कि किशोरी के पुलिस में शिकायत करने के डर से उसकी हत्या की गई। हालांकि, पुलिस सभी आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम की पुष्टि फोरेंसिक और तकनीकी सबूतों के आधार पर कर रही है।
13 सितंबर की सुबह पुलिस को खेत में लड़की का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की हालत काफी खराब थी। शरीर पर चाकू से वार के निशान मिले थे। शुरुआत में मृतका की पहचान नहीं हो पाई थी, लेकिन बाद में उसकी पहचान स्वरूप नगर इलाके की रहने वाली किशोरी के रूप में हुई।
जांच के दौरान पुलिस ने दो चाकू, वारदात के समय पहने गए कपड़े और टेंपो बरामद किया है। पुलिस अब फोरेंसिक और तकनीकी सबूतों की जांच कर रही है, ताकि घटना का पूरा क्रम और सभी आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सके।