धर्मेंद्र प्रधान पर सियासत तेज |
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर CJP का प्रदर्शन लगातार जारी है। संगठन अपनी मांग पर कायम है। वहीं, केंद्र सरकार ने इस मुद्दे पर विचार करने के लिए 24 घंटे का समय मांगा है।
इसी बीच उत्तर प्रदेश के भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार को भीड़ के दबाव में आकर किसी मंत्री का इस्तीफा नहीं लेना चाहिए। उनका कहना है कि अगर आज ऐसा किया गया, तो भविष्य में कोई भी किसी चौराहे पर लोगों की भीड़ जुटाकर किसी मंत्री के इस्तीफे की मांग करने लगेगा।
जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन को लेकर उन्होंने आरोप लगाया कि इसके पीछे विदेशी ताकतों का समर्थन है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शन स्थल पर कुछ राजनीतिक दलों के लोग मौजूद हैं और वहां राजनीति की जा रही है।
हालांकि, देवेंद्र प्रताप सिंह ने यह भी कहा कि पूरा देश चाहता है कि पेपर लीक जैसी घटनाएं पूरी तरह बंद हों। उन्होंने सरकार से अपील की कि पेपर लीक पर सख्त कानून बनाया जाए, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और हिंसा फैलाने वालों पर भी उचित कदम उठाए जाएं।