दिल्ली-गुरुग्राम में बारिश से जलभराव और जाम |
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और गुरुग्राम में भारी बारिश ने जनजीवन प्रभावित कर दिया है। दोनों शहरों के कई इलाकों में सड़कों पर पानी भर गया है, जिसके कारण जगह-जगह ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है।
हालात को देखते हुए गुरुग्राम में 25 अगस्त को सभी सरकारी और निजी स्कूलों की कक्षाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं। वहीं, निजी कंपनियों में कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी गई है।
गुरुग्राम के सिकंदरपुर घोसी इलाके में भारी जलभराव हुआ है। वहीं नरसिंहपुर में NH-48 पर लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला।
दिल्ली में भी बारिश के बाद कई प्रमुख इलाकों में पानी भर गया। एपीएस कॉलोनी, एयरपोर्ट रोड, रायसीना रोड और कनॉट प्लेस में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी हुई।
इसके अलावा करकोला, मोती बाग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, राम मनोहर लोहिया अस्पताल और AIIMS के आसपास भी पानी जमा होने की खबर है। एम्स फ्लाईओवर लूप पर भी भारी जलभराव से यातायात प्रभावित हुआ।
स्कूल बसों में फंसे बच्चे
गुरुग्राम में सोमवार की बारिश के बाद सुभाष चौक पर छह स्कूल बसें जलभराव में फंस गईं। बसों में बच्चों के होने की जानकारी से अभिभावकों की चिंता बढ़ गई।
मौके पर प्रशासन की टीम मौजूद रही, लेकिन ज्यादा पानी के कारण राहत पहुंचाने में परेशानी हुई। अभिभावकों ने बच्चों को जल्द सुरक्षित निकालने की मांग की।
वहीं शीतला माता रोड पर भी एक स्कूल बस पानी में फंस गई। स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को सुरक्षित भेजा गया।
फिलहाल प्रशासन ने लोगों से जरूरी न होने पर घर से बाहर न निकलने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।