आंध्र प्रदेश के तट से टकराया चक्रवाती तूफान मुरसु |
आंध्र प्रदेश: भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार तड़के दक्षिण आंध्र प्रदेश के तट पर ओंगोल के पास चक्रवाती तूफान मुरसु ने दस्तक दी। तूफान का केंद्र तट को पार कर अंदर की ओर बढ़ गया है और इसके वॉल क्लाउड का बड़ा हिस्सा जमीन के ऊपर पहुंच चुका है।
तूफान ने नेल्लोर और नरसापुर के बीच तट को पार किया। इस दौरान तटीय इलाकों में 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल रही हैं। हवा की गति 120 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की आशंका है।
तटीय इलाकों में भारी बारिश और जलभराव का खतरा
मौसम विभाग ने अगले 12 घंटों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इसके साथ ही समुद्र में सामान्य ज्वार-भाटा के स्तर से 1 से 1.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठ सकती हैं। इससे दक्षिण आंध्र प्रदेश के निचले तटीय इलाकों में पानी भरने की आशंका है।
बापटला, कृष्णा और प्रकाशम जिलों में समुद्री लहरों का असर सबसे ज्यादा रहने का अनुमान है। इसके बाद धीरे-धीरे लहरों की ऊंचाई कम होने की संभावना है। तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहले ही भारी बारिश हो चुकी है। वहीं, चक्रवात अरनाब से हुए नुकसान को देखते हुए ओडिशा ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।
आंध्र प्रदेश में 19 घरेलू उड़ानें रद
चक्रवात के तट के करीब पहुंचने के कारण आंध्र प्रदेश के तीन हवाई अड्डों पर कम से कम 19 घरेलू उड़ानें रद कर दी गई हैं।
विजयवाड़ा हवाई अड्डे के निदेशक एम. लक्ष्मी कांता रेड्डी के मुताबिक, इंडिगो ने 10 और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 2 उड़ानें रद की हैं। वहीं, विशाखापत्तनम हवाई अड्डे पर 4 और तिरुपति हवाई अड्डे पर 3 उड़ानें रद की गई हैं।
आंध्र प्रदेश में हाई अलर्ट, सीएम ने दिए सतर्कता के निर्देश
मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। दक्षिण तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा क्षेत्र में मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है।
मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस चक्रवात का असर सीमित रहेगा, क्योंकि मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक हवा की रफ्तार और बारिश की तीव्रता चक्रवात अरनाब की तुलना में कम रहने की संभावना है।
इस बीच, राज्य के ऊर्जा विभाग ने भी बिजली कंपनियों को हाई अलर्ट पर रखा है। अधिकारियों को बिजली के बुनियादी ढांचे को नुकसान से बचाने के लिए जरूरी एहतियाती कदम उठाने और बिजली आपूर्ति बिना रुकावट जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।