बीजापुर बस हादसा 12 घायल |
बीजापुर। जिले में रविवार सुबह यात्रियों से भरी बाबा ट्रेवल्स की बस हादसे का शिकार हो गई। बस चेरला से बीजापुर जा रही थी। इसी दौरान गुण्डम के पास बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर चीख-पुकार की स्थिति बन गई। हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ। बस पलटने से कई यात्रियों के घायल होने की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को दी।
CRPF और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
सूचना मिलते ही CRPF जवान और तर्रेम थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जवानों ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से राहत और बचाव अभियान शुरू किया। बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए बासागुड़ा अस्पताल पहुंचाया गया।
12 यात्री घायल
हादसे में कुल 12 यात्रियों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें से 4 घायलों का इलाज बासागुड़ा अस्पताल में चल रहा है, जबकि 8 घायलों को बेहतर इलाज के लिए बीजापुर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
डॉक्टरों के मुताबिक, सभी घायलों की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
हादसे की जांच शुरू
बस हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी में बस के अनियंत्रित होकर पलटने की बात सामने आई है। हालांकि, हादसा आखिर किस वजह से हुआ, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
पुलिस टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और बस चालक समेत अन्य लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।