Saturday, October 10, 2026 10:08:28 PM

पटना छात्र प्रदर्शन
पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, पुलिस से झड़प

पटना में 13 सूत्री मांगों को लेकर छात्रों ने राजभवन मार्च किया। जेपी गोलंबर पर पुलिस से झड़प हुई। अभ्यर्थियों ने दरोगा भर्ती और BPSC 70वीं परीक्षा में कथित गड़बड़ी पर कार्रवाई की मांग की।

पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का प्रदर्शन पुलिस से झड़प
पटना छात्र प्रदर्शन |

पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर छात्रों का गुस्सा मंगलवार को सड़कों पर दिखाई दिया। बिहार दरोगा भर्ती, बीपीएससी 70वीं परीक्षा समेत 13 सूत्री मांगों को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने गांधी मैदान से राजभवन के लिए मार्च शुरू किया।

जब छात्र विधानसभा की तरफ बढ़ने लगे तो जेपी गोलंबर के पास पुलिस और सीआरपीएफ ने बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया। इस दौरान कुछ छात्र बैरिकेडिंग पर चढ़ गए और आगे जाने की कोशिश करने लगे। इसे लेकर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प भी हुई।

जेपी गोलंबर पर रोके गए छात्र

गांधी मैदान से राजभवन की ओर जा रहे अभ्यर्थियों को जेपी गोलंबर के पास पुलिस ने रोक दिया। मौके पर पटना पुलिस के साथ सीआरपीएफ की टीम भी मौजूद थी। बैरिकेडिंग के बावजूद कुछ छात्र उस पर चढ़ गए और सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे।

इसके बाद कुछ प्रदर्शनकारी एग्जीबिशन रोड होते हुए डाक बंगला चौराहे की तरफ बढ़ने लगे, लेकिन यहां भी पुलिस ने उन्हें रोक दिया। पुलिस ने छात्रों को आगे जाने से रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर रखी थी।

दरोगा भर्ती परीक्षा रद्द करने की मांग

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि 1799 पदों के लिए हुई दरोगा भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी हुई थी। इस मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई यानी ईओयू कर रही है, लेकिन अभी तक परीक्षा रद्द नहीं की गई है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि जब परीक्षा में गड़बड़ी की जांच चल रही है तो परीक्षा को रद्द कर दोबारा कराया जाना चाहिए। छात्रों ने बीपीएससी 70वीं परीक्षा पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि इस परीक्षा में बड़े स्तर पर घोटाला हुआ, लेकिन इसके बावजूद परीक्षा रद्द नहीं की जा रही है।

अभ्यर्थियों का यह भी आरोप है कि बीएसएससी की परीक्षा भी नहीं हो रही है।

'सरकार सिर्फ जांच का आश्वासन दे रही'

प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि सरकार लगातार जांच का आश्वासन दे रही है, लेकिन छात्रों के हित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। उनका कहना है कि प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।

अभ्यर्थियों ने कहा कि जब तक उनकी 13 सूत्री मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा। छात्रों ने यह भी चेतावनी दी कि मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रोमित के परिजन भी आंदोलन में पहुंचे

दरोगा भर्ती के अभ्यर्थी रोमित की आत्महत्या के बाद उनके परिजन भी मंगलवार को अभ्यर्थियों के आंदोलन में शामिल होने पटना पहुंचे। रोमित की मां और उनके भाई ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से न्याय की गुहार लगाई।

परिजनों का कहना है कि अगर सरकार वास्तव में रोमित को न्याय दिलाना चाहती है तो प्रतियोगी परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों को खत्म करने के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार पर रोक लगनी चाहिए और गरीब परिवारों के बच्चों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रतियोगी परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से कराई जानी चाहिए।

'आज मैंने अपना बेटा खोया, कल बिहार कई बेटे न खो दे'

रोमित की मां ने भावुक होकर कहा कि उन्होंने अपना बेटा खो दिया है, लेकिन वह नहीं चाहतीं कि आगे बिहार के किसी और परिवार को ऐसा दर्द सहना पड़े।

उन्होंने सरकार से प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली खत्म करने की मांग की। उनका कहना है कि अगर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो न जाने कितने रोमित अपनी जान गंवाते रहेंगे।

रोमित की मां के मुताबिक, उनका बेटा बचपन से ही पढ़ाई में काफी तेज था। उसने नेट की परीक्षा भी क्वालीफाई की थी और उसका सपना दरोगा बनने का था। लेकिन भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के कारण उसका यह सपना पूरा नहीं हो सका।

मां के मुताबिक, लगातार तनाव और डिप्रेशन में आने के बाद रोमित ने अपनी जान दे दी।

परिवार के लिए एक करोड़ रुपये और सरकारी नौकरी की मांग

दरोगा भर्ती के अभ्यर्थियों ने रोमित के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि रोमित की मौत ने प्रतियोगी परीक्षाओं की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्रों का कहना है कि सरकार को प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी समस्याओं और भर्ती परीक्षाओं में सामने आ रही गड़बड़ियों को गंभीरता से लेते हुए ठोस कार्रवाई करनी चाहिए।


सम्बन्धित सामग्री



हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें!

विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें