समस्तीपुर ट्रेन में 75 लीटर शराब बरामद |
बिहार के समस्तीपुर जंक्शन पर रेलवे पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए AC फर्स्ट क्लास कोच से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस मामले में एक युवती और एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई 5 सितंबर को समस्तीपुर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर खड़ी ट्रेन संख्या 12562 स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में की गई। ट्रेन नई दिल्ली से जयनगर जा रही थी। आरपीएफ, सीआईबी और जीआरपी की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रेन के AC फर्स्ट क्लास H-1 कोच में जांच की।
जांच के दौरान पुलिस कूपे नंबर-7 और बर्थ नंबर-07 के पास पहुंची, जहां दरवाजा अंदर से बंद था। तलाशी लेने पर एक सूटकेस से करीब 75 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई।
मामले में गिरफ्तार युवती की पहचान नेहा झा, समस्तीपुर जिले की रहने वाली के रूप में हुई है। वहीं गिरफ्तार युवक की पहचान ईशान कुमार, निवासी करनाल, हरियाणा के रूप में बताई जा रही है।
शराब किसके लिए लाई गई थी, जांच में जुटी पुलिस
समस्तीपुर जीआरपी थानाध्यक्ष बीरबल कुमार के अनुसार, दोनों आरोपियों को AC कोच से शराब के साथ पकड़ा गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और किसके लिए मंगाई गई थी।
रेल पुलिस अब इस पूरे मामले के पीछे मौजूद संभावित नेटवर्क और सरगना तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
हाई प्रोफाइल मामले में SIT गठित
इस मामले को गंभीर और हाई प्रोफाइल मानते हुए SIT का गठन किया गया है। मामला मुजफ्फरपुर रेल थाना कांड संख्या 192/2026 के तहत दर्ज है।
मुजफ्फरपुर रेल एसपी बीना कुमारी के अनुसार, जांच अधिकारी और थाना अध्यक्ष को विशेष दिशा-निर्देश दिए गए हैं। SIT अब नेहा झा की पूरी ट्रैवल हिस्ट्री की जांच करेगी।
इसके साथ ही पुलिस शराब के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज को भी खंगाल रही है। यानी शराब कहां से लाई गई, किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
मेडिकल रिप्रजेंटेटिव बनकर शराब सप्लाई करने का दावा
पुलिस जांच में यह बात भी सामने आने की बात कही जा रही है कि नेहा झा मेडिकल रिप्रजेंटेटिव के तौर पर अपनी पहचान बनाकर दरभंगा में डॉक्टरों और कुछ रसूखदार लोगों तक ब्रांडेड शराब की सप्लाई करती थी। हालांकि, इस दावे की पुलिस जांच कर रही है।
पुलिस को नेहा के परिजनों की संभावित संलिप्तता की जानकारी भी मिलने की बात कही गई है। इसी वजह से उनके पुराने आपराधिक इतिहास और रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच आगे बढ़ने के बाद इस मामले से जुड़ी और भी बातें स्पष्ट होंगी।
बिहार में शराबबंदी के बीच बड़ी कार्रवाई
बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है। शराब की तस्करी और सेवन को रोकने के लिए पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जाती है। तस्करी रोकने के लिए स्वान दस्ता, ड्रोन, नावों से निगरानी और स्पेशल टास्क फोर्स जैसी व्यवस्थाओं का भी इस्तेमाल किया जाता है।
समस्तीपुर रेलवे स्टेशन पर हुई इस कार्रवाई के बाद अब रेल पुलिस की नजर शराब की इस खेप से जुड़े पूरे नेटवर्क पर है।